नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबले पूरे हो चुके हैं और सेमीफाइनल की चारों टीमें तय हो गई हैं। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम 4 में जगह बनाई है। अब सेमीफाइनल मुकाबलों में चारों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। भारतीय महिला टीम मौजूदा एशियन गेम्स में अपने पिछले स्वर्ण पदक का बचाव करने के इरादे से मैदान पर उतरी है।
अगर चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबलों की बात करें तो पहला मैच बांग्लादेश और चीन के बीच होना था, लेकिन बारिश के कारण मुकाबला नहीं खेला जा सका और बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके बाद दूसरे क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान ने थाईलैंड को हराकर अंतिम 4 में प्रवेश किया। वहीं, शुक्रवार 18 सितंबर को खेले गए तीसरे क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका ने मलेशिया को मात दी, जबकि चौथे क्वार्टर फाइनल में भारत ने जापान को हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।
महिला क्रिकेट सेमीफाइनल का क्या है पूरा शेड्यूल?
पहला सेमीफाइनल: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका, 20 सितंबर 2026 (सुबह 5.30 बजे IST)
दूसरा सेमीफाइनल: भारत बनाम बांग्लादेश, 20 सितंबर 2026 (सुबह 10.30 बजे IST)
दोनों सेमीफाइनल मुकाबले जापान के शहर निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे। इसी मैदान पर सभी क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए थे। सेमीफाइनल के बाद 22 सितंबर को सुबह 5.30 बजे (IST) से ब्रॉन्ज मेडल मैच खेला जाएगा। फिर इसी दिन सुबह 10.30 बजे (IST) से फाइनल यानी गोल्ड मेडल मैच होगा।
भारत में कहां देख पाएंगे लाइव टेलीकास्ट?
भारत में अगर सेमीफाइनल मुकाबलों के लाइव टेलीकास्ट की बात करें तो सोनी स्पोर्ट्स के चैनल Sony Sports 3 पर हिंदी भाषा में होगा। वहीं इन मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV ऐप्प पर उपलब्ध होगी।
एशियन गेम्स 2026 के लिए चारों सेमीफाइनलिस्ट टीमों के स्क्वाड
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमालिनी (विकेटकीपर), शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, नंदनी शर्मा।
पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, इमान नसीर, एमान फातिमा, गुल फिरोजा, हुमना बिलाल, मोमिना रियासत, मुनीबा अली (विकेटकीपर), नाशरा सुंधू, सायरा जबीन, शवाल जुल्फिकार, तस्मिया रुबाब, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी।
श्रीलंका: चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, संजना काविंदी, हंसिमा करुणारत्ने, हर्षिता समराविक्रमा, अनुष्का संजीवनी, कवीशा दिलहारी, हसिनी परेरा, कौशिनी नुत्यांगना, निमाशा मीपागे, सुगंदिका कुमारी, रश्मिका सेववंदी, चमुदी प्रबोदा, मिताली अयोध्या, काव्या काविंदी।
बांग्लादेश: निगार सुल्ताना जोटी (कप्तान), नाहिदा अक्तर (उपकप्तान), दिलारा अक्तर, जुअइरिया फिरदौस, शरमीन अक्तर सुप्ता, शरमीन सुल्ताना, सोभना मोस्टरी, शोरना अक्तर, ऋतु मोनी, फाहिमा खातून, राबिया खान, मरूफा अक्तर, सुल्ताना खातून, शनजीदा अक्तर माघला, फारिहा इस्लाम तृष्णा।


