हार्दिक पंड्या की टीम इंडिया में वापसी कब? गौतम गंभीर ने बताई पूरी स्थिति

0

नई दिल्ली : हार्दिक पंड्या की टीम इंडिया में वापसी को लेकर फिलहाल तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। चोटों से जूझते रहे भारतीय ऑलराउंडर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी से पहले अपनी फिटनेस हासिल करने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के बाद स्पष्ट किया कि हार्दिक पंड्या अभी 10 ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जल्दबाजी में उतारने के बजाय पूरी तरह फिट होने का इंतजार करना चाहता है।

गौतम गंभीर ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ सीरीज हार्दिक पंड्या के लिए मैच फिटनेस हासिल करने का अहम मौका होगी। सब कुछ ठीक रहा तो उसके बाद उनकी टी20 और वनडे टीम में वापसी हो सकती है। हार्दिक पंड्या ने मार्च में T20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से कोई इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है।

गौतम गंभीर ने हार्दिक पंड्या को लेकर साफ की स्थिति

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की तीसरी T20I जीत के बाद बात करते हुए गौतम गंभीर ने हार्दिक पंड्या की स्थिति के बारे में तस्वीर पेश की। चोटों से परेशान रहे इस बेहतरीन ऑलराउंडर को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया A के ख़िलाफ इंडिया A की सीरीज के लिए चुना गया है, लेकिन वह अब भी 10 ओवर फेंकने के लिए जरूरी फिटनेस हासिल करने से काफी दूर हैं।

हार्दिक पंड्या अभी 10 ओवर गेंदबाजी के लिए तैयार नहीं: गौतम गंभीर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गौतम गंभीर के हवाले से क्रिकबज ने लिखा, ‘‘अभी हार्दिक 10 ओवर नहीं फेंक सकते और IPL के बाद से उन्होंने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है, इसलिए हम उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में धकेलना नहीं चाहते, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शरीर के लिए बहुत मुश्किल हो सकता है, इसलिए अगर वह इंडिया A सीरीज खेलते हैं तो जाहिर है कि उन्हें कुछ गेम टाइम भी मिलेगा। उन्हें यही साफ संदेश दिया गया था कि अगर वह A सीरीज खेल सकते हैं। सब कुछ ठीक रहता है तो वह लौट सकते हैं और T20 और वनडे स्क्वाड का हिस्सा भी बन सकते हैं।’’

हार्दिक पंड्या की स्थिति का सीधा असर इस बात पर पड़ता है कि गौतम गंभीर किस तरह नितीश कुमार रेड्डी को तैयार कर रहे हैं। नितीश कुमार रेड्डी चोट से उबरने के बाद लौटे और अफगानिस्तान T20I सीरीज में 6 विकेट लिए। नितीश रेड्डी को भारत की एशियन गेम्स की टीम से हटाकर ODI क्रिकेट में मौका दिया गया, क्योंकि भारत अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले बड़े टूर्नामेंट से पहले अपने अहम खिलाड़ियों को काफी मैच खेलने का समय देना चाहता है।

नितीश रेड्डी के प्रदर्शन से खुश हैं गौतम गंभीर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गौतम गंभीर ने कहा, ‘‘नितीश के नजरिये से यह बहुत अच्छी बात है कि उन्हें T20 फॉर्मेट से हटा दिया गया है और उन्हें वेस्टइंडीज़ के खिलाफ भी खेलने का समय मिलेगा। हम जानते हैं कि जब हम दक्षिण अफ्रीका जाएंगे तो सीम बॉलिंग ऑलराउंडर कितने अहम होंगे और जब हार्दिक लौटेंगे तो जाहिर है कि वह भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। कभी-कभी हम उन दोनों को ही प्लेइंग 11 में खिला सकते हैं।’’

नितीश रेड्डी के इस सीरीज में प्रदर्शन को लेकर भी गौतम गंभीर ने खुलकर बात की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि नितीश का टीम के लिए अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना काफी फायदेमंद रहेगा, क्योंकि वह टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गंभीर ने कहा कि चाहे 50 ओवर का प्रारूप हो या भविष्य में टी20 क्रिकेट, ऐसे बहुत कम खिलाड़ी हैं जो गेंदबाजी के साथ-साथ मध्यक्रम में बल्लेबाजी की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि नितीश ने इस सीरीज में जिस तरह गेंदबाजी की है, वह टीम के लिए काफी अच्छी बात है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here