25वीं राज्य वूशु स्पर्धा में अशोकनगर बना चैंपियन

0
जबलपुर दूसरे और इंदौर तीसरे स्थान पर; नम्रता बत्रा और नकुल सैंडो बने बेस्ट फाइटर

भोपाल। मध्य प्रदेश वूशु संघ के तत्वावधान में टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित 25वीं मध्य प्रदेश राज्य सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वूशु चैंपियनशिप में प्रदेश के 27 जिलों से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोरदार प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अशोकनगर ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि जबलपुर उपविजेता और इंदौर तीसरे स्थान पर रहा।

अशोकनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 स्वर्ण, 17 रजत और 18 कांस्य, कुल 67 पदक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जबलपुर ने 31 स्वर्ण, 18 रजत और 22 कांस्य, कुल 71 पदक जीतकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इंदौर के खिलाड़ियों ने 18 स्वर्ण, 15 रजत और 17 कांस्य, कुल 50 पदक अपने नाम करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने सांडा एवं ताओलू की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी तकनीक, गति, शक्ति और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

नम्रता और नकुल बने बेस्ट फाइटर

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महिला वर्ग की बेस्ट फाइटर का खिताब इंदौर की नम्रता बत्रा तथा पुरुष वर्ग के बेस्ट फाइटर का खिताब इंदौर के नकुल सैंडो को प्रदान किया गया।

समापन अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक चंचल शेखर तथा मध्य प्रदेश वूशु संघ के अध्यक्ष जयदीप प्रसाद ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर खेल संचालक चंचल शेखर ने कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखकर यह स्पष्ट होता है कि वूशु एक ऐसा मार्शल आर्ट है, जिसमें विभिन्न मार्शल आर्ट तकनीकों का समन्वय दिखाई देता है। वूशु में बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कुश्ती और किकबॉक्सिंग जैसी विभिन्न विधाओं की तकनीकों का प्रभाव देखने को मिलता है। यही कारण है कि वूशु एक समग्र एवं आत्मरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी मार्शल आर्ट के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

अवार्ड प्राप्त खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान

समापन समारोह के दौरान विक्रम पुरस्कार, एकलव्य पुरस्कार एवं विश्वामित्र पुरस्कार प्राप्त वूशु खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों का उत्साह देखते ही बनता था।

कार्यक्रम के अंत में मध्य प्रदेश वूशु संघ के सचिव श्री मनोज गुप्ता ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here