नई दिल्ली : भारत की स्टार महिला क्रिकेटर शैफाली वर्मा का शानदार फॉर्म एशिया कप के बाद जापान में जारी एशियन गेम्स में भी देखने को मिल रहा है। शैफाली ने सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक रहा। इस शतकीय पारी के साथ ही शैफाली वर्मा भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाली महिला क्रिकेटर बन गईं।
शैफाली वर्मा ने इस मामले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की बराबरी की। हरमनप्रीत ने भी 49 गेंद पर शतक लगाया था और 8 साल बाद अब शैफाली ने उनके रिकॉर्ड की बराबरी की है। इस मामले में वेस्टइंडीज की खिलाड़ी डियांड्रा डॉटिन टॉप पर हैं जिन्होंने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 38 गेंद पर शतक लगाते हुए महिला क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था और 16 साल बाद भी यह रिकॉर्ड टूटा नहीं है। स्मृति मंधाना ने भी अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में दो शतक लगाए हैं। उन्होंने हाल ही में एशिया कप 2026 के मैच में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 64 गेंद पर 124 रन की पारी भी खेली थी। हालांकि, वह सबसे तेज महिला टी20 शतक लगाने के मामले में लिस्ट से बाहर हैं। टॉप 10 में ही नहीं टॉप 25 में भी सिर्फ दो भारतीय ही हैं।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाली टॉप 10 खिलाड़ी
| खिलाड़ी | गेंद | मैच | मैदान | वर्ष |
|---|---|---|---|---|
| डियांड्रा डॉटिन | 38 | वेस्टइंडीज महिला बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला | सेंट किट्स | 2010 |
| एलिसा हीली | 46 | ऑस्ट्रेलिया महिला बनाम श्रीलंका महिला | सिडनी | 2019 |
| हिलमैन-बर्मेजो | 46 | स्पेन महिला बनाम स्विट्जरलैंड महिला | एम्ब्राच | 2026 |
| टैमी ब्यूमोंट | 47 | इंग्लैंड महिला बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला | टॉन्टन | 2018 |
| लॉरा वोल्वार्ट | 47 | दक्षिण अफ्रीका महिला बनाम भारत महिला | जोहान्सबर्ग | 2026 |
| आयशा जफर | 47 | पाकिस्तान महिला बनाम जिम्बाब्वे महिला | कराची | 2026 |
| हरमनप्रीत कौर | 49 | भारत महिला बनाम न्यूजीलैंड महिला | प्रोविडेंस | 2018 |
| शैफाली वर्मा | 49 | भारत महिला बनाम बांग्लादेश महिला | निशिन | 2026 |
| फरगाना हक | 51 | बांग्लादेश महिला बनाम मालदीव महिला | पोखरा | 2019 |
| मेग लैनिंग | 51 | ऑस्ट्रेलिया महिला बनाम इंग्लैंड महिला | चेल्म्सफोर्ड | 2019 |
भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। भारतीय टीम ने पिछले एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था और अब वह अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान पर उतरी है। टीम इंडिया ने फाइनल में पहुंचकर स्वर्ण पदक की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है। वहीं, शैफाली वर्मा अब तक 2 पारियों में 140 रन बना चुकी हैं और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं।


