नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में पहली बार शामिल किए गए मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में भारत ने ऐतिहासिक पदक अपने नाम कर लिया है। सुचिका तारियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों के इतिहास में भारत के लिए पहला MMA पदक जीता। महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में सुचिका को सिंगापुर की टियो हुई हूं के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ ही उन्होंने भारत के लिए कांस्य पदक पक्का कर दिया था।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ सुचिका एशियन गेम्स में MMA में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग के इस सेमीफाइनल मुकाबले में पहला राउंड सिंगापुर की फाइटर ने जीता था। इसके बाद सुचिका ने वापसी की और दूसरा राउंड अपने नाम किया। फिर जजेस ने 1 मिनट का अतिरिक्त समय दिया और अंतिम राउंड का विजेता सिंगापुर की टियो हूं को घोषित किय। इस फैसले के बाद भारतीय फाइटर बिल्कुल खुश नहीं थीं और रो-रो कर उनका बुरा हाल भी था।
भागो मत, आगे बढ़ो
इस मुकाबले के बाद सुचिका निर्णायक कमेटी के फैसले से खुश नहीं दिखीं। वह रेफरी के बार-बार बुलाए जाने पर आगे नहीं जा रही थीं। उन्हें फैसले से हैरानी थी। वह इसके बाद फूट-फूट कर रोने लगीं। कोच ने उन्हें समझाया और कहा,”भागो मत आगे जाओ।” इसके बाद वह गईं रेफरी के पास और सिंगापुर की फाइटर का हाथ उठाते हुए उन्हें विजेता घोषित किया गया।
MMA में इतिहास रचने वाली सुचिका तारियाल कौन हैं?
36 वर्षीय सुचिका भारत की अनुभवी कॉम्बैट स्पोर्ट्स प्लेयर हैं। उन्होंने जूडो, कुराश में भी सुर्खियां बटोरी हैं। एमएमए इस बार एशियाड में पहली बार शामिल हुआ है। इससे पहले सुचिका ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो और 2023 एशियन गेम्स में कुराश में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वह जिउ-जित्सु में 2024 की विश्व चैंपियन भी थीं। वह एक समय खेल छोड़ चुकी थीं, लेकिन दोस्तों ने उन्हें वापस लौटने की सलाह दी।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सुचिका तारियाल ने मंगोलिया की अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर भारत का ऐतिहासिक पदक पक्का कर दिया था। इसके बाद सेमीफाइनल में हार के बाद सुचिका बेहद निराश नजर आईं। वह देश के लिए रजत पदक हासिल नहीं कर सकीं, लेकिन उनकी इस उपलब्धि का महत्व कम नहीं होता। एशियन गेम्स में पहली बार शामिल किए गए MMA में भारत के लिए पहला पदक जीतकर सुचिका तारियाल ने इतिहास रच दिया है। उनका यह ऐतिहासिक कांस्य पदक भारतीय खेल इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
एशियन गेम्स 2026 की मौजूदा मेडल टैली
| देश | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल |
|---|---|---|---|---|
| चीन | 13 | 6 | 3 | 22 |
| जापान | 6 | 8 | 7 | 21 |
| दक्षिण कोरिया | 4 | 3 | 9 | 16 |
| कजाखस्तान | 4 | 0 | 3 | 7 |
| थाइलैंड | 3 | 1 | 0 | 4 |
| हॉन्गकॉन्ग | 1 | 2 | 2 | 5 |
| मकाऊ | 1 | 2 | 0 | 3 |
| म्यांमार | 1 | 1 | 1 | 3 |
| कुवैत | 1 | 0 | 1 | 2 |
| भारत | 0 | 3 | 1 | 4 |


