नई दिल्ली : भारत की पुरुष सेपकटकरा टीम ने रेगु स्पर्धा के ग्रुप बी के अपने अंतिम मुकाबले में फिलीपींस को 2-1 से हराया, लेकिन इसके बावजूद वह सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी। रेगु स्पर्धा में प्रत्येक टीम के 3 खिलाड़ी मैदान पर उतरते हैं। भारत को सेमीफाइनल की उम्मीदें बनाए रखने के लिए फिलीपींस के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज करना जरूरी था, इसलिए 2-1 की जीत उसके लिए पर्याप्त साबित नहीं हुई। ग्रुप बी में भारत, जापान और फिलीपींस ने 3-3 जीत दर्ज कीं, जिसके बाद टाईब्रेकर के आधार पर जापान ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।
क्लीन स्वीप की उम्मीद टूटी
भारत फिलीपींस के खिलाफ पहले दो रेगु 2-0 (15-7, 15-10) और 2-1 (15-9, 10-15, 15-8) से जीतकर क्लीन स्वीप से सिर्फ एक जीत दूर रह गया, लेकिन तीसरा रेगु 0-2 (15-17, 11-15) से हार गया। इससे पहले भारत को जापान से 1-2 और मलयेशिया से 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि जापान को मलयेशिया से 0-3 और फिलीपींस से 1-2 से हार मिली थी। मलयेशिया सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली दूसरी टीम थी। सेपकटकरा के पुरुष टीम रेगू स्पर्धा में सेमीफाइनल में जगह बनाने से पदक पक्का हो जाता है।


