नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया ए ने इंडिया ए के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जेड हॉलिक और नील पटेल की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ए ने 49.3 ओवर में 254 रन बनाए और पूरी टीम ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से मोहित उल्वा और मनाल चौहान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। दोनों गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन की बदौलत इंडिया ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
जेड हॉलिक-नील पटेल के अर्धशतकों से ऑस्ट्रेलिया ए संभला
भारत के खिलाफ इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए जेड हॉलिक ने 88 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 87 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि वो 13 रन से अपना शतक पूरा करने से चूक गए। तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए नील पटेल ने भी अच्छी पारी खेली और उन्होंने 71 गेंदों पर एक चौके की मदद से 51 रन बनाए। इस टीम के दूसरे ओपनर चार्ली हेंडरसन ने 31 गेंदों पर 18 रन की पारी खेली और अपना विकेट गंवा दिया। टीम के कप्तान जैक जोसनेक ने 8 गेंदों पर 7 रन की पारी खेली और मोहित उल्वा की गेंद पर आर्यवीर सहवाग के हाथों कैच आउट हो गए।
ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के बल्लेबाज ब्लेक कैटल ने अच्छी कोशिश की और 31 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने एक छक्का और 4 चौके भी लगाए। इली ब्रायन ने 14 गेंदों पर 14 रन जबकि मैथ्यू लॉफ ने टीम के लिए 11 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से मोहित उल्वा ने 9.4 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट हासिल किए जबकि मनाल चौहान ने 10 ओवर में 42 रन देकर 3 विकेट झटके। इन दोनों के अलावा काव्य पटेल और आर्यन सवसाणी ने एक-एक सफलता हासिल की। भारत को जीत के लिए 255 रन का लक्ष्य मिला।


