भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम घोषित, रचिन रविंद्र बाहर; तेज गेंदबाज की वापसी

0

नई दिल्ली : भारत के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में तेज गेंदबाज एडम मिल्ने को भी शामिल किया गया है। मिल्ने अब पूरी तरह फिट हैं और पिछले एक साल से भी अधिक समय से न्यूजीलैंड की टीम से बाहर चल रहे थे। इस टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड की कप्तानी मिचेल सैंटनर करेंगे। दोनों देशों के बीच सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।

टी20 सीरीज में नहीं खेलेंगे रचिन रविंद्र

इस टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम में 7 तेज गेंदबाजों का चयन किया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक इस वर्ष आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में उपविजेता रही टीम के 13 खिलाड़ियों को घरेलू श्रृंखला के लिए टीम में बरकरार रखा गया है। न्यूजीलैंड ने अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण को काफी मजबूत किया है जिसमें 34 वर्षीय एडम मिल्ने के अलावा लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, जैकब डफी, जैक फाउल्क्स और नाथन स्मिथ शामिल हैं।

टीम के स्टार ऑलराउंडर रचिन रविंद्र कंधे की चोट के कारण इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे लेकिन उनकी चार नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में वापसी करने की उम्मीद है। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि भारत एक बेहतरीन टीम और चुनौतीपूर्ण प्रतिद्वंद्वी है इसलिए कीवी प्रशंसकों के सामने अपनी परिस्थितियों में उनसे मुकाबला करना वास्तव में रोमांचक होगा। भारत इस दौरे में पांच वनडे और दो टेस्ट मैच भी खेलेगा।

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम

फिन एलन, मैट हेनरी, ग्लेन फिलिप्स, ज़ैक फाउल्क्स, माइकल ब्रैसवेल, एडम मिल्ने, मिचेल सैंटनर (कप्तान), बेवन जैकब्स, जैकब डफी, डैरिल मिचेल, टिम सीफर्ट, मार्क चैपमैन, काइल जैमीसन, डेवोन कॉनवे, नाथन स्मिथ, लॉकी फर्ग्यूसन।

भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का शेड्यूल
  • पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: 22 अक्टूबर: हैगली ओवल, क्राइस्टचर्च।
  • दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: 24 अक्टूबर: हैगली ओवल, क्राइस्टचर्च।
  • तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: 27 अक्टूबर: हेनरी स्टेडियम, वेलिंगटन।
  • चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: 30 अक्टूबर: ईडन पार्क, ऑकलैंड।
  • पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: एक नवंबर: सेडन पार्क, हैमिल्टन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here