नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 में भारत की कबड्डी टीमों के लिए शुक्रवार का दिन शानदार रहा। पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली। महिला टीम ने दिन की शुरुआत नेपाल को 48-24 से हराकर की। गत चैंपियन भारतीय टीम ने हाफ टाइम तक 31-17 की बढ़त बना रखी थी और पूरे मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखते हुए अजेय अभियान जारी रखा। इसके बाद पुरुष टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड को 66-28 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय महिला टीम अब एशियन गेम्स में लगातार चौथा स्वर्ण पदक जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। वहीं, पुरुष टीम 2023 में जीते गए खिताब का बचाव करने के इरादे से फाइनल में उतरेगी।
कबड्डी में भारत का फाइनल टिकट पक्का, थाईलैंड को दी करारी शिकस्त
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शुक्रवार को तोकाई सिटीजन जिमनैजियम में सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-28 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। आठ बार की विजेता और डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम पुरुषों की स्पर्धा के नौवें फाइनल में पहुंच गई है और अपने 2023 के टाइटल को बचाने की कोशिश करेगी। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में दोनों हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड को 66-28 से हरा दिया।
भारत ने पहले हाफ में 37 पॉइंट्स लिए, जबकि थाईलैंड सिर्फ 18 पॉइंट्स ही बना पाया। दूसरा हाफ भी भारतीय टीम के लिए अच्छा रहा, क्योंकि उसने 29 पॉइंट्स लिए, जबकि थाईलैंड ने 10 पॉइंट्स लिए। भारतीय टीम ने पहले हाफ में 21 आउट लिए, जबकि उसने थाईलैंड के डिफेंस में भी गहरी पैठ बनाकर 12 बोनस पॉइंट्स लिए और दो ऑल आउट किए। उसके अपोनेंट्स ने पहले हाफ के शुरुआती हिस्से में उसे कड़ी टक्कर दी और 13 आउट, तीन बोनस पॉइंट्स हासिल करने में कामयाब रहे तथा एक ऑल आउट भी किया।
वहीं, दूसरे हाफ में भारत ने 22 और आउट लिए और तीन बोनस पॉइंट्स हासिल किए, साथ ही दो ऑल आउट भी किए, जबकि थाईलैंड ने सात आउट पॉइंट्स, दो बोनस पॉइंट्स हासिल किए और एक टेक्निकल पॉइंट भी लिया। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अजेय रही है। फाइनल में टीम इंडिया का सामना ईरान या चीनी ताइपे से होगा।
कबड्डी में भारत की बेटियों का दम, नेपाल को हराकर फाइनल में पहुंचीं
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर एशियन गेम्स 2026 के महिला कबड्डी फाइनल में जगह बना ली है। इवेंट में जोरदार प्रदर्शन कर रही भारतीय टीम ने इस मैच की शुरुआत भी धमाकेदार अंदाज में की और पहले पांच मिनट में ही असरदार रेड से पॉइंट्स जमा करके 9-5 की लीड ले ली। नेपाल ने भारतीय रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाया, जिसमें इंडियन रेडर सोनाली पर एक सुपर टैकल भी शामिल था, जिससे वह लाइन तक नहीं पहुंच पाईं। इसके बावजूद, इंडिया ने 15-10 की पांच पॉइंट्स की मामूली लीड बनाए रखी।
नेपाल की गंगा घिमिरे ने एक शानदार रेड की, एंकल होल्ड के बावजूद चार पॉइंट्स कमाए, जिसकी पुष्टि एक लंबे रिव्यू के बाद हुई। इससे पहले हाफ में चार मिनट बाकी रहते अंतर 21-15 हो गया। हालांकि, इंडिया ने धीरे-धीरे अपनी बढ़त बढ़ाई, और हाफ टाइम तक 31-17 की बड़ी लीड ले ली। इस दौरान संजू देवी और सोनाली का प्रदर्शन दमदार रहा। दूसरे हाफ में भी भारत ने बढ़त बनाए रखी और 48-24 से बड़ी जीत हासिल करते हुए फाइनल में जगह बना ली। फाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला शनिवार को चीनी ताइपे या ईरान से होगा। भारतीय टीम गत चैंपियन है। ऐसे में टीम इंडिया फाइनल में एक बार फिर से अपना ताज बचाने उतरेगी। शुक्रवार का दिन भारतीय टीम के लिए अच्छा रहा। कबड्डी के साथ ही शूटिंग, हॉकी, रिले टीम और स्क्वैश में शानदार प्रदर्शन किया।
शूटिंग में भारत को गोल्ड और सिल्वर मिले हैं। सुरुचि इंदर सिंह और कमलजीत ने एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। दोनों ने मिलकर फाइनल में 484.6 का एशियन रिकॉर्ड स्कोर बनाया। वहीं, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष पाटिल की भारतीय शूटिंग टीम ने शुक्रवार को ऐची प्रीफ. जनरल शूटिंग गैलरी में शानदार प्रदर्शन के बाद पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम फाइनल में सिल्वर मेडल जीता।
एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। टेबल टेनिस और स्क्वैश में भारत ने अपने पदक पक्के कर लिए हैं। टेबल टेनिस में दिया चितले और मानुष शाह, जबकि स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ी मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। वहीं, अभय सिंह ने जापान के रयुनोसुके त्सुकुए को 3-0 से हराकर पुरुष एकल स्क्वैश के सेमीफाइनल में जगह बनाई। टेबल टेनिस में यशस्विनी घोरपड़े ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के तीसरे दौर में प्रवेश किया। हॉकी में भारतीय महिला टीम ने पूल बी के मुकाबले में जापान को 3-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। तैराकी में साजन प्रकाश, ऋषभ दास और उत्कर्ष पाटिल ने अपने-अपने फाइनल में जगह बनाई। बैडमिंटन में ध्रुव कपिला-तनिषा क्रैस्टो और उन्नति हुड्डा ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।


