एशियन गेम्स: सचिन सिवाच क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, पदक से एक जीत दूर

0

नई दिल्ली : भारत के सचिन सिवाच ने जॉर्डन के मोहम्मद अदनान अबू जाजेह पर कड़े मुकाबले में जीत हासिल करके एशियन गेम्स की मुक्केबाजी प्रतियोगिता के पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सचिन को पहले दौर में बाई मिली थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जाजेह के खिलाफ उन्होंने आक्रामक शुरुआत करते हुए कई पंच मारे। इसके बाद मुकाबला जल्द ही रणनीतिक हो गया, क्योंकि दोनों मुक्केबाज जवाबी हमले करना चाहते थे। भारतीय मुक्केबाज ने तीन अंक से पहला राउंड जीता।

दूसरे राउंड में भी कमोबेश यही स्थिति बनी रही जिसमें दोनों मुक्केबाज मुक्के जड़ने के लिए इंतजार करते रहे। जाजेह ने पिछड़ने के बाद आक्रामक रवैया अपनाया लेकिन सचिन ने भी पलटवार करने में किसी तरह की कोताही नहीं बरती। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सचिन ने दूसरा राउंड 4-1 से जीता। जाजेह अंतिम राउंड में अधिक आक्रामक हो गए और ताबड़तोड़ मुक्के बरसाने लगे, लेकिन सचिन डटे रहे और मुक्कों का जवाब देते रहे।

पदक की जंग में अब जापान के मुक्केबाज से टक्कर

मुकाबले के आखिरी दौर में सचिन सिवाच पर थकान हावी होती नजर आई। जाजेह ने इसका फायदा उठाने की पूरी कोशिश की, लेकिन भारतीय मुक्केबाज ने उनके हर प्रयास को नाकाम करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। इस जीत के साथ सचिन अब एशियन गेम्स में पदक पक्का करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना जापान के विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता शुनसुके कितामोतो से होगा। सचिन की नजरें अब इस मुकाबले को जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाने और भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित करने पर होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here