ईरान के खिलाफ भारत का दमदार कमबैक, पुरुष कबड्डी में जीता स्वर्ण पदक

0

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में भारत ने ईरान को 40-34 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियाड का खिताब जीत लिया। मुकाबले की शुरुआत में भारतीय टीम ईरान से पिछड़ रही थी और पहले हाफ के अंत तक मामूली अंतर से पीछे थी। हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया और 6 अंकों से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कबड्डी में भारत ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता। पुरुष टीम से पहले भारतीय महिला टीम ने भी फाइनल में ईरान को हराकर गोल्ड अपने नाम किया था।

पहले हाफ में करीबी रहा भारत-ईरान मुकाबला

भारत और ईरान के बीच पहले हाफ में मुकाबला करीबी रहा। ईरान ने शुरुआत में आक्रमकता दिखाई, लेकिन भारत ने भी वापसी की। भारत हालांकि, लय को बरकरार नहीं रखा और ईरान के खिलाड़ियों ने दबाव बनाया। इस दौरान भारत ने सुपर टैकल से अंक बटोरे और ईरान पर बढ़त हासिल की। भारत इस बढ़त को ज्यादा देर बरकरार नहीं रख सका क्योंकि ईरान ने भारत को ऑलआउट किया और चार अंक बटोरे। इस तरह ईरान को 14-13 की बढ़त मिली। ऑलआउट के बाद भारत ने वापसी करने की कोशिश की, लेकिन पहला हाफ खत्म होने तक ईरान 18-17 की मामूली बढ़त लेने में सफल रहा।

दूसरे हाफ में भारत की जोरदार वापसी

भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए ईरान के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में पिछड़ने के बाद भारत ने ईरान को ऑलआउट कर बढ़त हासिल कर ली। मुकाबला खत्म होने में 10 मिनट बाकी थे, तब भारत ने ईरान पर 5 अंकों की बढ़त बना ली थी। भारतीय टीम की जोरदार वापसी से ईरानी खेमे में दबाव बढ़ता नजर आया। इसके बाद भारत ने अपनी बढ़त को लगातार मजबूत किया और ईरान पर दबाव बनाए रखा। अंतिम क्षणों में असलम इनामदार ने शानदार खेल दिखाते हुए अहम अंक हासिल किया। ईरानी खिलाड़ियों ने उन्हें घेर रखा था, लेकिन असलम ने चतुराई से वॉकलाइन पार कर भारत की बढ़त को 9 अंकों तक पहुंचा दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी और स्वर्ण पदक जीत लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here