नई दिल्ली : एशियन गेम्स 2026 की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का पूरा क्वार्टर फाइनल राउंड बारिश की भेंट चढ़ गया। जापान के निशिन में लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण मैदान गीला रहा, जिससे अंतिम 8 के चारों मुकाबले नहीं खेले जा सके। सभी क्वार्टर फाइनल मैच रद्द होने के बाद भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को उनकी बेहतर रैंकिंग के आधार पर सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया।
इस तरह टूर्नामेंट के अंतिम 4 की तस्वीर साफ हो गई है और अब इन चारों टीमों के बीच फाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबला होगा। वहीं अफगानिस्तान, हॉन्गकॉन्ग, नेपाल और मलेशिया को बिना खेले ही टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। अब इसी के साथ सेमीफाइनल का पूरा शेड्यूल भी तय हो चुका है। टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में सीधे जगह बनाने वाली भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को अब सेमीफाइनल में भी बिना खेले ही जगह मिल गई।
यहां देखें सेमीफाइनल मुकाबलों का पूरा शेड्यूल
- सेमीफाइनल 1: पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश, 1 अक्टूबर 2026, गुरुवार सुबह 5.30 बजे (IST)
- सेमीफाइनल 2: भारत बनाम श्रीलंका, 1 अक्टूबर 2026, गुरुवार सुबह 10 बजे (IST)
खिताबी मुकाबले में भिड़ सकते हैं भारत-पाकिस्तान
भारत और पाकिस्तान की टीमों का फाइनल में मुकाबला देखने की हलचल लगातार देखने को मिल रही है। 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में ही खेला जाएगा। वहीं इसी दिन सुबह 5.30 बजे (भारतीय समय अनुसार) ब्रॉन्ज मेडल मैच भी होगा। अगर भारत और पाकिस्तान दोनों ने अपने सेमीफाइनल मैच जीते तो गोल्ड मेडल मैच में साहिबजादा फरहान और श्रेयस अय्यर की टीमें आमने-सामने होंगी।
आपको बता दें कि एशियन गेम्स 2026 पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया था। पहले राउंड में अफगानिस्तान, जापान, ओमान, नेपाल, हॉन्गकॉन्ग और मलेशिया उतरी थीं। पहले राउंड के बाद अफगानिस्तान, नेपाल, मलेशिया और हॉन्गकॉन्ग ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। दुर्भाग्यवश रैंकिंग में पीछे होने के कारण बिना खेले ही इन टीमों को अब बाहर होना पड़ा है।
सेमीफाइनल में पहुंची सभी टीमों के स्क्वाड
- भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, जसप्रित बुमराह, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी।
- पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उप-कप्तान), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद वसीम जूनियर, साद मसूद, सईम अयूब, सुफियान मोकिम, उस्मान खान (विकेटकीपर)।
- श्रीलंका: सहान अराचिगे (कप्तान), लसिथ क्रूसपुले, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सिनेथ जयवर्धने, नुवानिदु फर्नांडो, सोहन डी लिवरा, एशेन बंडारा, चमिका करुणारत्ने, थारिन्दु रत्नायके, वनुजा सहन, विजयकांत वियास्कंथ, दुशान हेमंथा, नुवान तुषारा, बिनुरा फर्नांडो, गरुका संकेथ।
- बांग्लादेश: लिटन दास (कप्तान), तंजिद हसन, परवेज हुसैन इमोन, मोहम्मद सैफ हसन, नजमुल हुसैन शांतो, तौहीद ह्रदोय, मुसद्द हुसैन सैकात, यासिर अली चौधरी, रिशाद हुसैन, शेख मेहदी हसन, नसुम अहमद, शैफ उद्दी, शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद।


