एशियन गेम्स: 13वें दिन भारत के कई अहम मुकाबले, लवलीना-परवीन और अंकुश पदक की दौड़ में; हॉकी में चीन से फाइनल

0

नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में दो अक्तूबर को भारत का अभियान 12 खेलों में जारी रहेगा। भारतीय खिलाड़ी तीरंदाजी, मुक्केबाजी, कैनो स्लैलम, ट्रैक साइकिलिंग, गोल्फ, हॉकी, रग्बी सेवन्स, सेलिंग, सेपक टकरॉ, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल और कुश्ती में चुनौती पेश करेंगे। भारत के लिए यह दिन पदक के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन, परवीन हुड्डा और अंकुश पंघाल अपने-अपने वर्ग के फाइनल में उतरेंगे। वहीं महिला हॉकी टीम स्वर्ण पदक के लिए चीन का सामना करेगी। तीरंदाजी और कुश्ती में भी भारतीय खिलाड़ियों के पास पदक जीतने के मौके होंगे।

तीरंदाजी में भारत का दिन महिला रिकर्व टीम से शुरू होगा। सुबह 5:55 बजे कुमकुम महोद, अंकिता भकत और कीर्ति की भारतीय टीम सेमीफाइनल में चीन का सामना करेगी। इसके बाद महिला रिकर्व टीम के पदक मुकाबले होंगे। सुबह 8:20 बजे धीरज बोम्मदेवरा और कुमकुम महोद की जोड़ी रिकर्व मिश्रित टीम के सेमीफाइनल में जापान से भिड़ेगी। इस मुकाबले के बाद पदक मुकाबले होंगे। पुरुष रिकर्व टीम में धीरज बोम्मदेवरा, नीरज चौहान और यशदीप भोगे सुबह 10:30 बजे सेमीफाइनल में ईरान के सामने होंगे। पुरुष टीम के पदक मुकाबले सुबह 11:25 बजे से शुरू होंगे।

मुक्केबाजी में भारत के लिए सबसे अहम दिन होगा। महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में सुबह 10 बजे लवलीना बोरगोहेन का सामना चीन की बाओ यी से होगा। इसके बाद दोपहर 2:15 बजे महिलाओं के 65 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में परवीन हुड्डा चीनी ताइपे की निएन-चिन चेन के खिलाफ उतरेंगी। पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में दोपहर 2:45 बजे अंकुश पंघाल का मुकाबला दक्षिण कोरिया के मिनसोंग किम से होगा। इस तरह मुक्केबाजी में भारत के पास एक ही दिन तीन स्वर्ण पदक मुकाबले होंगे।

  • कुश्ती में भारत के चार पहलवान शुरुआती दौर में उतरेंगे। सुबह 7:08 बजे महिलाओं के 50 किलोग्राम वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में दिपांशी का सामना जापान की यूई सुसाकी से होगा।
  • 7:25 बजे पुरुषों के फ्रीस्टाइल 125 किलोग्राम वर्ग में रजत रूहल कजाकिस्तान के येदिगे कासिमबेक्ल से भिड़ेंगे।
  • महिलाओं के 76 किलोग्राम वर्ग में सुबह 7:32 बजे प्रिया का मुकाबला किर्गिस्तान की आइपेरी मेडेत क्यजी से होगा।
  • वहीं सुबह 8:02 बजे पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में सुजीत अफगानिस्तान के सैयद उमर जाजई के खिलाफ मैट पर उतरेंगे।
  • इन मुकाबलों में आगे बढ़ने पर क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और पदक मुकाबलों का सिलसिला भी दिन में जारी रहेगा।
  • 65 किलोग्राम वर्ग का फाइनल दोपहर 2:46 बजे, 125 किलोग्राम वर्ग का फाइनल 3:41 बजे और महिला 50 किलोग्राम वर्ग का फाइनल शाम 4:05 बजे निर्धारित है।
  • महिला 76 किलोग्राम वर्ग का कांस्य पदक मुकाबला शाम 4:12 बजे होगा।

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए दिन का सबसे बड़ा मुकाबला दोपहर 3:30 बजे होगा। फाइनल में भारत का सामना मेजबान चीन से होगा। इस मुकाबले के नतीजे से महिला हॉकी में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक तय होगा।

कैनो स्लैलम में सुबह 7:30 बजे महिलाओं की कयाक क्रॉस व्यक्तिगत स्पर्धा में शिखा चौहान उतरेंगी। पुरुषों में हितेश केवट और प्रद्युम्न सिंह राठौड़ सुबह 8 बजे अपनी चुनौती पेश करेंगे। इसके बाद क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। इन चरणों में भारतीय खिलाड़ियों की जगह उनके शुरुआती दौर के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

ट्रैक साइकिलिंग में हरशिता जाखड़ महिलाओं की ओम्नियम स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। उनकी स्क्रैच रेस सुबह 6:30 बजे, टेम्पो रेस सुबह 7:27 बजे, एलिमिनेशन रेस सुबह 11:55 बजे और प्वाइंट्स रेस दोपहर 1:27 बजे निर्धारित है। पुरुषों की केरिन स्पर्धा में रोनाल्डो सिंह लैतोंजाम और डेविड बेकहम एल्काटोचोन्गो सुबह 7 बजे पहली राउंड की हीट में उतरेंगे। क्वालीफाई करने पर आगे रेपेचेज, सेमीफाइनल और फाइनल में भी भारतीय चुनौती जारी रहेगी। पुरुषों की मैडिसन फाइनल में दोपहर 12:16 बजे हरशवीर सिंह सेखों और विश्वजीत सिंह की भारतीय जोड़ी हिस्सा लेगी।

गोल्फ में महिलाओं की व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले की तीसरी राउंड सुबह 3 बजे से शुरू होगी। इसमें प्रणवी उर्स, दीक्षा डागर और अदिति अशोक भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसी समय महिला टीम की तीसरी राउंड भी होगी। पुरुषों की तीसरी राउंड सुबह 7:10 बजे से होगी, जिसमें वीर अहलावत, सप्तक तलवार और युवराज संधू उतरेंगे। पुरुष टीम की तीसरी राउंड भी इसी समय होगी।

महिला रग्बी सेवन्स में भारत सुबह 8:50 बजे पूल ई के मुकाबले में मलयेशिया से भिड़ेगा। पुरुष वॉलीबॉल में भारत सुबह 6:30 बजे पांचवें से आठवें स्थान के वर्गीकरण मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगा।

महिला सेपक टकरॉ के क्वाड्रेंट ग्रुप ए मुकाबले में भारत सुबह 5:30 बजे थाईलैंड का सामना करेगा। भारतीय टीम में प्रिया देवी एलांगबाम, शिल्पा एलांगबाम, मालेमंगनबी युमनाम, चाओबा देवी ओइनाम, सेइखिएख्रिएनो तेपा और मैपाक देवी अयेकपाम शामिल हैं। क्वालिफाई करने पर महिला सेमीफाइनल सुबह 10:30 बजे से होंगे। पुरुष क्वाड्रेंट के सेमीफाइनल दोपहर 12 बजे से निर्धारित हैं।

मिक्स्ड इंडिविजुअल वर्चुअल ताइक्वांडो के राउंड ऑफ 16 में कशिश मलिक सुबह 6:20 बजे हांगकांग की सिउ वाई लाम से भिड़ेंगी। आगे बढ़ने पर क्वार्टर फाइनल सुबह 6:50 बजे, सेमीफाइनल 7:30 बजे और फाइनल सुबह 8 बजे से होगा।

सेलिंग में गर्ल्स डिंगी ओपनिंग सीरीज की सातवीं रेस सुबह 9:40 बजे होगी। इसमें भारत की माही वर्मा चुनौती पेश करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here