नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (IPL 2026) से पहले मंगलवार (6 अक्टूबर) को भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने मुख्य कोच बनाने का ऐलान कर दिया। इससे पहले हेमंग बदानी यह जिम्मेदारी बीते दो साल से संभाल रहे थे। गांगुली पहले भी दिल्ली कैपिट्ल्स का हिस्सा रहे हैं। वह महिला और पुरुष दोनों टीमों के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट रहे हैं। 2019 में वह दिल्ली कैपिटल्स से सलाहकार के तौर पर जुड़े थे।
फ्रेंचाइजी द्वारा जारी बयान में गांगुली ने कहा, ‘मैं आईपीएल में हेड कोच की भूमिका निभाने के लिए उत्साहित हूं। दिल्ली कैपिटल्स मेरे दिल के बहुत करीब है और इस टीम के साथ मेरा लंबे समय से मजबूत रिश्ता रहा है। मैंने मालिकों, मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम किया है, इसलिए यह मेरे लिए एक रोमांचक जिम्मेदारी है। हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का समूह है और हमने हाल के समय में अच्छा क्रिकेट खेला है। मैं टीम के साथ काम करने, नए सीजन और एक मजबूत व निडर टीम बनाने के लिए उत्सुक हूं।’
सौरव गांगुली की कोचिंग टीम में कौन-कौन होगा?
दिल्ली कैपिटल्स उन दो फ्रेंचाइजियों में से एक है, जो 2008 से हिस्सा होने के बाद भी आईपीएल का खिताब नहीं जीती। एक अन्य फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स है। ऐसे में गांगुली पर फ्रेंचाइजी को पहला आईपीएल खिताब दिलाने का दारोमदार होगा। गांगुली के सपोर्ट स्टाफ में बल्लेबाजी कोच युवराज सिंह हो सकते हैं।
गांगुली की कोचिंग टीम में चमिंडा वास और अमित मिश्रा की एंट्री
इसके अलावा श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास और पूर्व लेग स्पिनर अमित मिश्रा भी हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी ने अभी अधिकारिक तौर ऐलान नहीं किया है। हालांकि, यह खबर पहले ही सामने आ चुकी है कि चमिंडा वास और अमित मिश्रा ने दिल्ली कैपिटल्स की एकेडमी में काम करना शुरू कर दिया।
दिल्ली कैपिटल्स की जिम्मेदारी जेएसडब्ल्यू के पास
दिल्ली कैपिटल्स, जीएमआर स्पोर्ट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और जिंदल साउथ वेस्ट (जेएसडब्ल्यू) स्पोर्ट्स की फ्रेंचाइजी है। दोनों समूहों के बीच हुए करार के अनुसार, 2 साल के चक्र में एक-एक समूह फ्रेंचाइजी के संचालन की जिम्मेदारी संभालता है। इसी व्यवस्था के तहत जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स 2026 और 2027 में दिल्ली कैपिटल्स के संचालन की जिम्मेदारी संभालेगा।


