नई दिल्ली : आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे आशुतोष शर्मा ने भारत के 2026-27 घरेलू सत्र से पहले अपनी घरेलू टीम बदल ली है। उन्होंने रेलवे का साथ छोड़कर गुजरात से खेलने का फैसला किया है। आशुतोष सफेद गेंद की क्रिकेट में गुजरात की टीम की योजनाओं का हिस्सा होंगे। उनके अलावा राजस्थान के अशोक शर्मा और रवि बिश्नोई भी गुजरात की टीम से जुड़ गए हैं।
ऐसे में आगामी घरेलू सत्र में गुजरात की टीम में इन खिलाड़ियों के शामिल होने से उसकी सफेद गेंद की टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश के रहने वाले आशुतोष शर्मा ने अपने राज्य की टीम के साथ लिस्ट ए और टी20 करियर की शुरुआत की थी, लेकिन अपने राज्य में अवसर की कमी के कारण वह रेलवे से जुड़ गए। आशुतोष ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब मोंटी देसाई गुजरात के हेड कोच बने हैं।
रमेश पवार की जगह अब मोंटी देसाई की एंट्री
मोंटी देसाई पहले नेपाल और हाल ही में कनाडा के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने इस भूमिका में रमेश पवार की जगह ली है। भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर पवार ने पुरुषों की जूनियर चयन समिति में भूमिका के लिए आवेदन किया है। हाल ही में वह भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के स्पिन सलाहकार थे।
आशुतोष शर्मा खेल चुके हैं काउंटी क्रिकेट
आशुतोष शर्मा ने हाल ही में इंग्लैंड में वनडे कप में हैम्पशायर का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन अपनी पिछली सात पारियों में 16 रन सर्वोच्च स्कोर रहा। यह डील जीएमआर ग्रुप ने करवाई थी, जो दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक और हैम्पशायर काउंटी क्रिकेट टीम की मालिक है।


