WTC 2025-27 के बीच धनंजय डी सिल्वा का बड़ा फैसला, श्रीलंका की कप्तानी से दिया इस्तीफा

0

नई दिल्ली : श्रीलंका क्रिकेट टीम ने मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC 2025-27) में अपने अभियान की शुरुआत 1-0 से टेस्ट सीरीज जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पहले वेस्टइंडीज और फिर भारत के खिलाफ श्रीलंका को 1-0 से टेस्ट सीरीज हार का सामना करना पड़ा। लगातार 2 सीरीज गंवाने के बाद पाकिस्तान दौरे से ठीक पहले श्रीलंका के टेस्ट कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उनके इस फैसले के बाद अब टीम को नए टेस्ट कप्तान की तलाश होगी।

श्रीलंका के टेस्ट कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने तुरंत प्रभाव से कप्तानी से इस्तीफा देते हुए कहा है कि अब अगली पीढी को बागडोर सौंपने का समय आ गया है। अपने करियर में 69 टेस्ट खेलकर 13 शतक समेत 4431 रन बनाने वाले 35 वर्ष के धनंजय ने साफ किया है कि, बतौर खिलाड़ी वह चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। जनवरी 2024 में श्रीलंका के टेस्ट कप्तान बनाए गए डी सिल्वा ने श्रीलंका क्रिकेट चयन समिति को अपने फैसले से अवगत करा दिया है।

उन्होंने चयन समिति को लिखे पत्र में कहा,”मेरा मानना है कि अब बागडोर अगली पीढ़ी को सौंपी जानी चाहिए।” श्रीलंका क्रिकेट के सीईओ एशले डिसिल्वा ने क्रिकेट के पारंपरिक प्रारूप में योगदान के लिए धनंजय को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा,”श्रीलंका क्रिकेट उन्हें भविष्य के लिये शुभकामना देता है और बतौर कप्तान योगदान के लिए धन्यवाद।”

बतौर कप्तान कैसा रहा धनंजय डी सिल्वा का रिकॉर्ड?

धनंजय डी सिल्वा ने 2024 में दिमुथ करुणारत्ने के बाद टीम की कमान संभाली थी। उन्होंने 18 टेस्ट मैचों में टीम की कप्तानी की और इसमें से 7 मैच श्रीलंका ने जीते भी। बतौर कप्तान धनंजय के बल्लेबाजी रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 36.45 की औसत से 1130 रन बनाए। वहीं 44.44 की औसत से गेंदबाजी में उन्होंने 9 विकेट भी झटके।

WTC 2025-27 में श्रीलंका की स्थिति कैसी?

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में श्रीलंका की स्थिति फिलहाल अंकतालिका में 7वें स्थान पर है। टीम ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें उसे 1 जीत और 2 हार मिली हैं, जबकि 3 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। श्रीलंका के खाते में कुल 24 अंक हैं और उसका पर्सेंटेज ऑफ पॉसिबल पॉइंट्स (पीसीटी) 33.33 है। अब श्रीलंकाई टीम 9 नवंबर से 21 नवंबर तक पाकिस्तान दौरे पर 2 टेस्ट मैच खेलेगी। धनंजय डी सिल्वा के कप्तानी छोड़ने के बाद इन मुकाबलों के लिए टीम की कमान किसे सौंपी जाती है, इस पर नजर रहेगी। पाकिस्तान दौरे के बाद श्रीलंका को न्यूजीलैंड के दौरे पर भी जाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here