नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयनकर्ताओं ने एक बार फिर युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज आर्यन जुयाल को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। टीम में लेग स्पिनर जीशान अंसारी की 6 साल बाद वापसी हुई है। वह एक बार फिर लाल गेंद के क्रिकेट में खेलते नजर आएंगे। वहीं, तेज गेंदबाज यश दयाल भी टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। इसके अलावा रिंकू सिंह, करन शर्मा और अभिषेक जैसे खिलाड़ियों को भी यूपी के स्क्वाड में शामिल किया गया है।
यूपी की रणजी टीम में रिंकू-करन-अभिषेक शामिल, आर्यन जुयाल को कप्तानी
पिछले रणजी सीजन के अंतर में आर्यन जुयाल ने कुछ मैचों में यूपी टीम की कप्तानी की थी, लेकिन इस बार इस युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज को फुल टाइम टीम का कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा तेज गेदंबाज अभिनंदन सिंह को भी पहली बार यूपी की रणजी टीम में शामिल किया गया है। पिछले सीजन में यूपी के लिए रणजी में खेलने वाले आकिब खान और कुणाल त्यागी जैसे गेंदबाज इस बार टीम में जगह बनाने में सफल नहीं हो पाए।
रिंकू सिंह एक बार फिर से इस सीजन में भी यूपी के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। रिंकू सिंह फिलहाल भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं और वो पूरे सीजन के लिए उपलब्ध है। यही नहीं टीम के अनुभवी खिलाड़ी करन शर्मा भी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे जिनका यूपी टी20 लीग 2026 में बल्लेबाज व गेंदबाजी दोनों ने शानदार प्रदर्शन रहा था। करन शर्मा ने पिछले सीजन के पहले कुछ मुकाबले में यूपी टीम की कप्तानी भी की थी, लेकिन बाद में आर्यन जुयाल को ये जिम्मेदारी दे दी गई थी। इस टीम में प्रियम गर्ग, कार्तिक त्यागी, अभिषेक गोस्वामी माधव कौशिक भी जगह बनाने में सफल रहे हैं।
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए यूपी टीम
आर्यन जुयाल (कप्तान), रिंकू सिंह, अभिषेक गोस्वामी, आराध्य यादव, करन शर्मा, माधव कौशिक, आदित्य शर्मा, सिद्धार्थ यादव, प्रशांत वीर, कार्तिक यादव, जीशान अंसारी, वंश चौधरी, यश दयाल, प्रियम गर्ग, अभिनंदन सिंह, कार्तिक त्यागी।


