रायपुर। बीसीसीआई द्वारा आयोजित पुरुष अंडर-19 वीनू मांकड़ वनडे ट्रॉफी 2026-27 में छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए हरियाणा को 7 विकेट से पराजित किया। पुडुचेरी में 8 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने 178 रनों के लक्ष्य को 42.5 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम 42.4 ओवर में 177 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हरियाणा की ओर से गौरीश देहिया ने सर्वाधिक 51 रन बनाए, जबकि संदीप परिहार ने 45 और निधीश गौड़ ने 26 रनों का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाजी में अगमजोत सग्गर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। धनंजय नायक ने 3 विकेट, जबकि शिवम यादव ने 2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए जीत दर्ज की। टीम की ओर से आदित्य वर्मा ने 76 रनों की शानदार पारी खेली। तेजस्वी कलभोर ने 39 रन बनाए, जबकि कप्तान फैज खान ने 19 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। हरियाणा की ओर से सिद्धार्थ, आरव और मोहित ने एक-एक विकेट लिया। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ की अंडर-19 टीम ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपने अभियान का शानदार आगाज किया।


