नई दिल्ली : वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 में इंडिया चैंपियंस टीम अपना तीसरा लीग मैच साउथ अफ्रीका चैंपियंस के खिलाफ 10 अक्टूबर यानी शनिवार को खेलेगी। इस मैच में टीम के नियमित कप्तान युवराज सिंह की वापसी हो सकती है। युवराज सिंह दूसरे मुकाबले में यानी इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरे थे और हरभजन सिंह ने टीम की कप्तानी की थी। युवराज सिंह ने इस सीजन का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था और 71 रन बनाए थे।
युवराज सिंह की वापसी से मजबूत होगी भारत की टीम?
युवराज सिंह की अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मैच में वापसी होती है तो इस स्थिति में नमन ओझा को बाहर बैठना पड़ सकता है जिन्होंने पिछले दो मैचों में ज्यादा अच्छी बल्लेबाजी नहीं की थी। अगर नमन ओझा नहीं खेलते हैं तो उनकी वजह टीम की विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी रॉबिन उथप्पा संभाल सकते हैं साथ ही उथप्पा के साथ पारी की शुरुआत करते हुए अंबाती रायुडू नजर आ सकते हैं।
भारत ने युवराज सिंह की कप्तानी में इस सीजन का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीता था, लेकिन दूसरे मैच में वो नहीं थे और हरभजन सिंह की कप्तानी में भारत को इंग्लैंड की टीम ने हरा दिया था। भारत ने अब तक कुल 2 मैच खेले हैं जिसमें उसे एक मैच में जीत और एक मैच में हार मिली है और अंकतालिका में ये टीम 2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है (खबर लिखे जाने तक)।
भारत की बल्लेबाजी क्रम में उथप्पा और रायुडू के बाद स्टुअर्ट बिन्नी, युवराज सिंह, यूसुफ पठान, ऋषि धवन और इरफान पठान होंगे। इनमें से यूसुफ पठान, ऋषि धवन और इरफान पठान गेंदबाजी में भी अपनी भागेदारी निभाते नजर आएंगे। टीम में स्पिनर के रूप में पीयूष चावला और हरभजन सिंह होंगे जबकि तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी धवल कुलकर्णी और अभिमन्यु मिथुन निभाते नजर आएंगे। हालांकि इस बात की भी संभावना है कि इन दोनों में से किसी एक को ड्रॉप करके वरुण एरोन को मौका दिया जाए।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ इंडिया चैंपियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन
अंबाती रायुडू, रॉबिन उथप्पा (विकेटकीपर), स्टुअर्ट बिन्नी, युवराज सिंह (कप्तान), यूसुफ पठान, इरफान पठान, ऋषि धवन, पीयूष चावला, धवल कुलकर्णी, हरभजन सिंह, अभिमन्यु मिथुन।


