हरमनजोत, किरण, लिली और कविता दिल्ली हाफ मैराथन में दिखाएंगे दम

0

नई दिल्ली : नई दिल्ली में 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाली वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में भारतीय एलीट वर्ग के 42 धावक हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के 21वें संस्करण के लिए घोषित भारतीय एलीट खिलाड़ियों की सूची में 22 पुरुष और 20 महिला धावकों को शामिल किया गया है। पुरुष वर्ग में हरमनजोत सिंह और किरण मात्रे प्रमुख आकर्षण होंगे, जबकि महिला वर्ग में पूर्व चैंपियन लिली दास और कविता यादव अपनी चुनौती पेश करेंगी। इस प्रतिष्ठित दौड़ में भारतीय धावकों के प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों की नजरें रहेंगी।

विश्व एथलेटिक्स रोड रेस के रूप में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में हरमनजोत पहली बार दिल्ली हाफ मैराथन में दौड़ेंगे। वह इस साल वर्ल्ड 10K बेंगलुरु में भारतीय एलीट पुरुष वर्ग का खिताब जीत चुके हैं। इसके अलावा, 2026 एशियाई क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक हासिल किया था। हरमनजोत सिंह के नाम हाफ मैराथन में एक घंटे एक मिनट 46 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज है, जो इस बार के भारतीय एलीट पुरुष धावकों में सबसे तेज है। वह अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन में यह समय निकाल चुके हैं।

उपविजेता किरण मात्रे पर रहेंगी नजरें

पुरुष वर्ग में किरण मात्रे भी पदक के दावेदारों में शामिल होंगे। उन्होंने पिछले साल दिल्ली हाफ मैराथन में भारतीय एलीट पुरुष वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसी दौड़ में उन्होंने 1:04:57 के समय के साथ हाफ मैराथन में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। किरण मात्रे 2024 में वर्ल्ड 10K बेंगलुरु के भारतीय एलीट पुरुष वर्ग का खिताब भी जीत चुके हैं। उस प्रतियोगिता में उन्होंने 29 मिनट 32 सेकंड का समय निकाला था।

इन दोनों धावकों को कार्तिक करकेरा से चुनौती मिलने की उम्मीद है। कार्तिक करकेरा ने 2026 मुंबई मैराथन में भारतीय एलीट पुरुष वर्ग का खिताब जीता था। वह पिछले साल दिल्ली हाफ मैराथन में भी तीसरे स्थान पर रहे थे। उत्तर प्रदेश के ट्रैक धावक प्रिंस कुमार भी हाफ मैराथन में वापसी करेंगे। उन्होंने 2025 की ओपन नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर और 10000 मीटर के खिताब जीते थे। इसके अलावा, वह 2025 दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर के स्वर्ण पदक विजेता रहे थे।

लिली दास और कविता यादव के प्रदर्शन पर रहेंगी निगाहें

महिला एलीट वर्ग में लिली दास और कविता यादव पर निगाहें रहेंगी। लिली ने 2024 में दिल्ली हाफ मैराथन के भारतीय एलीट महिला वर्ग का खिताब जीता था, जबकि कविता यादव 2023 में चैंपियन बनी थीं। दोनों फिर पोडियम पर जगह बनाने की कोशिश करेंगी। हालांकि, उनकी राह आसान नहीं होगी। ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में स्टीपलचेज में हिस्सा ले चुकीं अंकिता ध्यानी भी मैदान में होंगी।

उन्होंने 2025 में पहली बार हाफ मैराथन में हिस्सा लिया था और भारतीय एलीट महिला वर्ग में पांचवां स्थान हासिल किया था। एशियाई खेल 2023 की स्टीपलचेज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली प्रीति लांबा भी भारतीय एलीट खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। वह दिल्ली हाफ मैराथन में पहले भी पोडियम तक पहुंच चुकी हैं।

3.5 लाख रुपये की इनामी राशि के लिए दौड़ेंगे भारतीय एलीट धावक

दिल्ली हाफ मैराथन के भारतीय एलीट पुरुष और महिला वर्गों में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को समान पुरस्कार राशि मिलेगी। पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 3.5 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 2.5 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 1.5 लाख रुपये दिए जाएंगे।

इसके अलावा, प्रतियोगिता में नया भारतीय एलीट रिकॉर्ड बनाने वाले धावक के लिए एक लाख रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है। पुरुष वर्ग में दिल्ली हाफ मैराथन का भारतीय एलीट रिकॉर्ड 60 मिनट 30 सेकंड है, जो अविनाश साबले ने 2020 में बनाया था। महिला वर्ग में यह रिकॉर्ड एल सूर्या के नाम है। एल सूर्या ने 2017 में 70 मिनट 31 सेकंड का समय निकाला था।

भारतीय एलीट धावकों को मिलेगा नई पुरस्कार व्यवस्था का लाभ

प्रतियोगिता के इस संस्करण में भारतीय एलीट दूरी के धावकों के लिए PRIDE (Procam Rewards for Indian Distance Elites) नाम की पुरस्कार और प्रोत्साहन व्यवस्था होगी। इसके तहत प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले भारतीय धावकों को प्रदर्शन के आधार पर लाभ देने का प्रावधान है। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का 21वां संस्करण 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार, इस बार प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जाएगा। दर्शक सुबह पांच बजे से प्रोकेम इंटरनेशनल के यूट्यूब चैनल पर दौड़ का प्रसारण देख पाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here