WCL 2026: इंडिया चैंपियंस बाहर, अब सेमीफाइनल के लिए 3 टीमों में कांटे की टक्कर

0

नई दिल्ली : वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के तीसरे सीजन (डब्ल्यूसीएल 2026) में 15 मुकाबले पूरे होने के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली 2 टीमें तय हो गई हैं। साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने लीग चरण में अपने शुरुआती चारों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। वहीं, वेस्टइंडीज चैंपियंस ने अपने आखिरी लीग मैच में इंडिया चैंपियंस को हराकर 6 अंकों के साथ अंतिम 4 में प्रवेश किया। इस हार के साथ युवराज सिंह की कप्तानी वाली इंडिया चैंपियंस का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। अब सेमीफाइनल के बचे हुए 2 स्थानों के लिए अन्य टीमों के बीच मुकाबला जारी है।

अब बचे हुए दो स्थानों के लिए टक्कर इंग्लैंड चैंपियंस, ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस और बांग्लादेश चैंपियंस के बीच है। इंग्लैंड की टीम ने अपने 4 में से दो मुकाबले जीते हैं और यही हाल ऑस्ट्रेलियाई टीम का भी है। पांचवें मैच में दोनों टीमें एक दूसरे से भिड़ेंगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं हारने वाली टीम को साउथ अफ्रीका चैंपियंस और बांग्लादेश चैंपियंस के मैच का इंतजार करना होगा।

बांग्लादेश चैंपियंस अगर उलटफेर करते हुए साउथ अफ्रीका चैंपियंस को अच्छे अंतर से हराती है, तो इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच में हारनेवाली टीम का पत्ता कट सकता है। यह दोनों मुकाबले बुधवार 14 अक्टूबर को ही खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 16 अक्टूबर को होंगे। वहीं फाइनल मैच 18 अक्टूबर को खेला जाएगा।

इंडिया चैंपियंस की बात करें तो टीम ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को हराते हुए विजयी आगाज किया था। उसके बाद टीम को लगातार चार हार का सामना करना पड़ा। युवराज सिंह की कप्तानी वाली यह टीम इंग्लैंड चैंपियंस, साउथ अफ्रीका चैंपियंस, बांग्लादेश चैंपियंस और फिर वेस्टइंडीज चैंपियंस से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

WCL 2026 के 15 मैचों के बाद अंकतालिका
रैंक टीम मैच जीत हार बेनतीजा अंक नेट रन रेट
1 दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस (Q) 4 4 0 0 8 +2.151
2 वेस्टइंडीज चैंपियंस (Q) 5 3 2 0 6 -0.489
3 इंग्लैंड चैंपियंस 4 2 2 0 4 +0.158
4 ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस 4 2 2 0 4 -0.144
5 इंडिया चैंपियंस 5 1 4 0 2 -0.346
6 बांग्लादेश चैंपियंस 4 1 3 0 2 -1.051

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here