नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया जिसको वेस्टइंडीज की टीम ने 24 रनों से अपने नाम करने के साथ सीरीज को 2-2 की बराबरी पर ला दिया है। इस मैच में 248 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 19.3 ओवर्स में 223 रनों का स्कोर बनाकर सिमट गई। भारतीय टीम की तरफ से टारगेट का पीछा करते हुए सिर्फ संजू सैमसन के बल्ले से अर्धशतकीय पारी देखने को मिली और इसके अलावा सभी बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन से निराश किया। वहीं वेस्टइंडीज की तरफ से गेंदबाजी में कीमो पॉल का कमाल देखने को मिला जिन्होंने अपने 4 ओवर्स में 41 रन देने के साथ 5 विकेट हासिल किए। इसके अलावा गुडाकेश मोती ने 2 विकेट अपने नाम किए। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की तरफ से शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें उन्होंने 20 ओवर्स में तीन विकेट के नुकसान पर 247 रनों का स्कोर बनाया। विंडीज टीम की तरफ से बल्लेबाजी में उनके कप्तान शे होप का कमाल दिखा जो ओपनिंग में उतरने के बाद अंत तक नाबाद रहते हुए 102 रनों शतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे। वहीं इसके अलावा शेरफेन रदरफोर्ड ने नाबाद 49 और शिमरन हेटमायर ने 33 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में भारतीय टीम की तरफ से अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट हासिल किया।
भारतीय टीम को चौथे टी20 मैच में 248 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने शानदार शुरुआत देने का काम किया था, जिसमें दोनों ने पहले 4 ओवर्स में ही स्कोर 60 रन तक पहुंचा दिया था, लेकिन सैमसन के 56 रन बनाकर पवेलियन लौटने के साथ ही टीम इंडिया के लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला। 130 के स्कोर तक आधी भारतीय टीम पवेलियन लौट चुकी थी, जहां से तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने पारी को संभालने का प्रयास करते हुए छठे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी की लेकिन तिलक के पवेलियन लौटने के साथ टीम इंडिया की हार तय हो गई थी।
यहां पर देखिए चौथे टी20 मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत – संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव।
वेस्टइंडीज – शे होप (विकेटकीपर, कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, शिमरन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, शमर स्प्रिंगर, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ।


