नई दिल्ली : वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के सभी लीग मुकाबले समाप्त हो चुके हैं। सीजन का आखिरी लीग मैच साउथ अफ्रीका चैंपियंस और बांग्लादेश चैंपियंस के बीच खेला गया, जिसमें साउथ अफ्रीका ने 88 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने अंतिम अंकतालिका में 10 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। टीम ने लीग चरण में अपने सभी मुकाबले जीते और पूरे अभियान के दौरान एक भी अंक नहीं गंवाया।
इस सीजन में इंडिया चैंपियंस का प्रदर्शन काफी खराब रहा और इस टीम को 5 लीग मैचों में से सिर्फ एक में ही जीत मिली और फाइनल अंकतालिका में भारत 5वें स्थान पर रहा। यानी इस सीजन में भारत का सफर 5वें स्थान पर रहते हुए समाप्त हुआ। वहीं छठे स्थान पर बांग्लादेश की टीम रही जिसके भी 2 अंक रहे। भारत ने भी एक मैच जीतकर सिर्फ 2 अंक हासिल किया।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 की फाइनल अंकतालिका में ऑस्ट्रेलिया की टीम 6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही जिसने 5 में से 3 मैच जीते और 2 मैचों में उसे हार मिली तो वहीं वेस्टइंडीज की टीम ने भी 5 में से 3 मैच जीते और 6 अंक के साथ ये टीम तीसरे स्थान पर रही। अंकतालिका में चौथे स्थान पर इंग्लैंड की टीम रही जिसे 5 में से 2 मैचों में जीत मिली और उसके 4 अंक रहे।
WCL 2026 की फाइनल अंकतालिका

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के सेमीफाइनल में 4 टीमें जगह बना चुकी हैं और इस सीजन का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 16 अक्टूबर यानी शुक्रवार को साउथ अफ्रीका चैंपियंस और इंग्लैंड चैंपियंस के बीच खेला जाएगा जबकि दूसरा सेमीफाइनल भी इसी दिन ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस के बीच खेला जाएगा। पहला सेमीफाइनल भारतीय समय के मुताबिक शाम 5.00 बजे से जबकि दूसरा मैच रात 9.00 बजे से खेला जाएगा और दोनों मैच शारजाह में ही होंगे।
WCL 2026 के सेमीफाइनल का शेड्यूल
- पहला सेमीफाइनल- साउथ अफ्रीका चैंपियंस बनाम इंग्लैंड चैंपियंस, शारजाह, 16 अक्टूबर, शाम 5.00 बजे
- दूसरा सेमीफाइनल- ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस बनाम वेस्टइंडीज चैंपियंस, शारजाह, 16 अक्टूबर, रात 9.00 बजे


