नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे महिला टीम को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली और सीरीज पर कब्जा जमा लिया। भारत की इस शानदार जीत की नायिका शैफाली वर्मा रहीं, जिन्होंने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेलकर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की चुनौती को आसान बना दिया।
वहीं, कप्तान स्मृति मंधाना ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए उनका बखूबी साथ निभाया और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने दमदार प्रदर्शन के साथ मुकाबला अपने नाम कर सीरीज में अपनी श्रेष्ठता साबित की। इस मैच में जिम्बाब्वे ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 102 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 103 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में भारत ने 8.5 ओवर में एक विकेट पर 104 रन बनाए और 9 विकेट से मैच को जीत लिया। भारत ने सिर्फ 53 गेंदों पर ही 104 रन बनाए और मैच में जीत दर्ज की।
शैफाली का तूफान, 24 गेंदों में ठोका अर्धशतक
जिम्बाब्वे के खिलाफ शैफाली वर्मा ने 25 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली और इस दौरान 4 छक्के और 6 चौके लगाए जबकि अपना अर्धशतक 24 गेंदों पर पूरा किया। शैफाली ने पहले विकेट के लिए कप्तान स्मृति मंधाना के साथ मिलकर 47 गेंदों पर 96 रन की साझेदारी की। कप्तान स्मृति मंधाना ने इस मैच में 25 गेंदों पर 2 छक्के और 6 चौकों की मदद से नाबाद 47 रन की पारी खेली जबकि अनुष्का शर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारतीय गेंदबाजों का कमाल, जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी ध्वस्त
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की गेंदबाजी शानदार रही जिसमें निकी प्रसाद सबसे सफल रहीं। निकी ने 2 ओवर में 7 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दिप्ती शर्मा और श्री चरणी ने एक-एक सफलता हासिल की। शैफाली वर्मा ने भी एक ओवर गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला जबकि उन्होंने 7 रन दिए। इसके अलावा अरुंधति रेड्डी को भी कोई सफलता नहीं मिली जिन्होंने 3 ओवर में 17 रन दिए।
जिम्बाब्वे की बैटिंग ज्यादा अच्छी नहीं रही और इस टीम के लिए सबसे बड़ा स्कोर भारत के खिलाफ चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने बनाए और उन्होंने 32 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 34 रन की पारी खेली जबकि इस टीम की कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 2 चौकों की मदद से 35 गेंदों पर 27 रन बनाए और नाबाद रहीं। ओपनर केलिस न्धलोवु डक पर आउट हुईं जबकि बिलव्ड बिजा ने 7 रन की पारी खेली। शार्न मायर्स ने 7 रन जबकि मोडेस्टर मुपाचिकवा ने 9 रन की पारी खेली।


