नई दिल्ली : भारतीय तीरंदाज शीतल देवी ने सोमवार को एशियाई पैरा खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। महिला कंपाउंड स्पर्धा के क्वालीफाइंग दौर में उन्होंने 720 में से 704 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और नया एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम किया। जम्मू-कश्मीर की 19 वर्षीय शीतल ने अपनी सटीक निशानेबाजी से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने 72 तीरों में से 57 पर पूरे 10 अंक हासिल किए, जिनमें 32 निशाने लक्ष्य के सबसे भीतरी हिस्से यानी एक्स क्षेत्र में लगे।
शीतल के इस असाधारण प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय तीरंदाजी की ताकत को एक बार फिर साबित किया। पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता ने इस प्रकार 698 अंकों के इस साल मार्च में बनाए गए अपने पिछले एशियाई रिकॉर्ड से छह अंक अधिक बनाए। जहां तक विश्व रिकॉर्ड की बात है तो तुर्किए की ओजनुर गिरदी ने 2024 में पेरिस पैरालंपिक खेलों में 704 अंकों का विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
शीतल देवी ने 2023 पैरा एशियाई खेलों में जीते थे तीन पदक
एशियाई खेलों की मौजूदा चैंपियन शीतल ने 2023 में हांगझोउ में एशियाई पैरा खेलों के अपने ही 680 अंक के रिकॉर्ड को बेहतर किया। उन्होंने इन खेलों में दो स्वर्ण (व्यक्तिगत और मिश्रित टीम) और एक रजत (युगल) पदक जीते थे। एशियाई खेलों में पहली बार भाग ले रही पायल महिला कंपाउंड क्वालीफाइंग में 675 अंक हासिल करके पांचवें स्थान पर रहीं।
जीत के साथ भारत की सेमीफाइनल में एंट्री
शीतल और पायल के संयुक्त प्रयासों से भारत महिला कंपाउंड टीम क्वालीफाइंग तालिका में 1,379 अंकों के संयुक्त स्कोर के साथ शीर्ष पर रहा। चीन ने 1,338 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। भारत ने इस शानदार प्रदर्शन से सीधे सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड और चौथी वरीयता प्राप्त कजाकिस्तान के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल मुकाबले के विजेता से होगा।


