नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले चरण के शुरुआती मुकाबले में बंगाल के खिलाफ हार का सामना करने वाली दिल्ली की टीम ने दूसरे मैच में शानदार वापसी की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आयुष बडोनी की कप्तानी में दिल्ली ने गुजरात के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी 648 रन पर घोषित की। दिल्ली की ओर से कप्तान आयुष बडोनी ने 217 रन की शानदार दोहरी शतकीय पारी खेली, जबकि सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या दोहरे शतक से महज एक रन दूर रह गए और 199 रन बनाकर आउट हुए।
दोनों बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन ने दिल्ली को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। आयुष और प्रियांश के अलावा सुमित माथुर ने 92 और विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज रावत ने 61 गेंद पर 61 रन की पारी खेली। सुमित और अनुज नाबाद रहे और दिल्ली ने दूसरे दिन दूसरे सत्र में अपनी पारी घोषित कर दी। गुजरात की टीम ने पहला मुकाबला ओडिशा के खिलाफ 10 विकेट से जीता था और एलीट ग्रुप सी की अंकतालिका में नंबर 1 स्थान पर है।
दिल्ली की पारी में बल्लेबाजों ने कैसे मचाया धमाल?
दिल्ली की टीम की पारी की बात करें तो सनत सांगवान ओपनिंग में कुछ खास नहीं कर पाए और 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यश ढुल ने भी निराश किया और 10 रन पर आउट हुए। 67 रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद दूसरे ओपनर प्रियांश आर्या ने एक छोर संभाले रखा। फिर 87 रन पर टीम ने यश का दूसरा विकेट गंवा दिया। प्रियांश फिर भी डटे रहे और उन्होंने 220 गेंद पर 199 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 24 चौके व 6 छक्के लगाए। आयुष दोसेजा के साथ उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 55 और चौथे विकेट के लिए कप्तान आयुष बडोनी के साथ 234 रन की साझेदारी की। आयुष ने 246 गेंद की पारी में 22 चौके और 2 छक्के लगाए।
बड़े लक्ष्य के दबाव में गुजरात की शुरुआत बिगड़ी
दिल्ली के 648 वाले पहाड़ जैसे स्कोर के बाद गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। गुजरात ने पहला विकेट 25 रन पर ही गंवा दिया और ओपनर आर्य डेसाई 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ऋतिक शोकीन ने दिल्ली को पहली सफलता दिलाई। वहीं गुजरात के लिए इससे पहले गेंदबाजी में हर्षल पटेल और मनन हिंगराजिया ने 2-2 विकेट लिए थे। वहीं एक विकेट जयमीत पटेल को मिला था।


