BCCI ने घोषित की नई चयन समिति, 626 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज को मिली जगह

0

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की नई चयन समिति की घोषणा की। अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद बोर्ड ने चयन समिति के मौजूदा सदस्य प्रज्ञान ओझा को नया मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया है। वहीं, अपने क्रिकेट करियर में कुल 626 विकेट लेने वाले पूर्व भारतीय गेंदबाज रमेश पवार को चयन समिति में चयनकर्ता के रूप में शामिल किया गया है। नई चयन समिति से भारतीय क्रिकेट टीम के चयन और भविष्य की रणनीति को लेकर अहम फैसलों की जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद है।

बीसीसीआई द्वारा घोषित पुरुष क्रिकेट की नई चयन समिति पर नजर डालें तो प्रज्ञान ओझा अब मुख्य चयनकर्ता (चीफ सेलेक्टर) बन गए हैं। वहीं शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पवार उनकी अध्यक्षता वाली चयन समिति का हिस्सा हैं। बीसीसीआई अपनी प्रेस रिलीज में बताया है कि ओझा को सीनियर होने के नाते यह जिम्मेदारी मिली है। उनका टेस्ट क्रिकेट का अनुभव सभी से कहीं ज्यादा है।

कैसे चयन समिति में शामिल हुए रमेश पवार?

बीसीसीआई की प्रेस रिलीज में बताया गया कि क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (CAC) के सदस्य अशोक मल्होत्रा और जतिन परान्जपे ने भारतीय पुरुष चयन समिति में सदस्य की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया की अध्यक्षता की। इन दोनों ने आवेदन करने वाले कई लोगों के इंटरव्यू किए और अंत में रमेश पवार की नियुक्ति पर दोनों की सहमति बनी। पवार ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे इंटरनेशनल खेले। उनके नाम वनडे इंटरनेशनल में 34 विकेट के साथ एक अर्धशतक भी दर्ज है। उनका सर्वोच्च स्कोर 54 रन था। वहीं 2 टेस्ट मैचों की चार पारियों में उन्होंने 6 विकेट झटके। रमेश पवार के नाम 470 फर्स्ट क्लास, 142 लिस्ट ए और 14 टी20 विकेट समेत कुल 626 विकेट दर्ज हैं।

रमेश पवार का करियर भारतीय क्रिकेट टीम के लिए जरूर लंबा नहीं रहा लेकिन वह लंबे समय से कोचिंग में हाथ आजमा रहे हैं। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के भी पूर्व कोच रह चुके हैं। इसके अलावा मुंबई, गुजरात के प्रमुख कोच और बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के गेंदबाजी कोच भी रह चुके हैं। भारतीय महिला टीम के साथ उन्होंने बतौर कोच एशिया कप का खिताब और कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का सिल्वर मेडल भी जीता था। बीसीसीआई अपनी विज्ञप्ति में अजीत अगरकर के कार्यकाल को भी याद किया और उनकी प्रशंसा करते हुए आभार भी व्यक्त किया। गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में अगरकर का बतौर चीफ सेलेक्टर कार्यकाल समाप्त हो गया था और इसे बढ़ाया भी नहीं गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here