नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के दूसरे चरण के मुकाबले में मुंबई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश को पारी और 98 रन से हरा दिया। मुंबई की इस जीत के नायक सरफराज खान और आकाश आनंद रहे, जिन्होंने शतकीय पारियां खेलीं। वहीं, तुषार देशपांडे और मोहित अवस्थी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6-6 विकेट झटके। मुंबई की यह लगातार दूसरे मुकाबले में दूसरी जीत है। इस जीत के साथ मुंबई ने ग्रुप-डी की अंकतालिका में 14 अंक हासिल कर पहला स्थान भी अपने नाम कर लिया।
इस मुकाबले में मुंबई ने टॉस जीता था और फिर हिमाचल प्रदेश ने पहले खेलते हुए पहली पारी में 140 रन के स्कोर पर ही सरेंडर कर दिया। इसके बाद मुंबई की टीम ने पहली पारी में 8 विकेट पर 528 रन बनाकर पारी की घोषणा कर दी और उसे पहली पारी में 388 रन की बड़ी बढ़त मिली। इसके बाद दूसरी पारी में हिमाचल की टीम 291 रन पर धराशाई हो गई और उसे हार मिली। इस मैच में मुंबई के लिए 154 रन की पारी खेलने वाले सरफराज खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सरफराज-आकाश के बल्ले से निकले शानदार शतक
मुंबई के लिए सरफराज खान ने इस मैच में सबसे बड़ी पारी खेली और उन्होंने 228 गेंदों पर 19 चौकों की मदद से 154 रन बनाए। इसके अलावा आकाश आनंद का भी बल्ला इस मैच में चला और उन्होंने 239 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 117 रन बनाए और नाबाद रहे। कप्तान सिद्धेश लाड ने भी 87 रन की अहम पारी खेली जबकि सरफराज खान के भाई मुशीर खान ने तीसरे नंबर पर बैटिंग करते हुए 57 रन बनाए। तुषार देशपांडे ने 26 रन बनाए जबकि मोहित अवस्थी 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
तुषार-मोहित की घातक गेंदबाजी, दोनों ने लिए 6-6 विकेट
इस मैच की पहली पारी में मुंबई के लिए तुषार देशपांडे ने 4, मोहित अवस्थी-तनुष कोटियान ने एक-एक जबकि सिल्वेस्टर डिसूजा ने 2 विकेट लिए। वहीं इसके बाद दूसरी पारी में तुषार देशपांडे-शम्स मुलानी ने 2-2 तो वहीं मोहित अवस्थी ने 5 विकेट लिए। तुषार और मोहित दोनों ने दोनों पारियों को मिलाकर 6-6 विकेट झटके। हिमाचल प्रदेश के लिए पहली पारी में आकाश वशिष्ट ने सर्वाधिक 39 रन की पारी खेली तो वहीं दूसरी पारी में इस टीम की तरफ से वैभव कल्टा ने सबसे ज्यादा 63 रन बनाए।


