नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 88 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 28 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 11,000 रन पूरे कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। स्मिथ यह मुकाम हासिल करने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं, जबकि विश्व क्रिकेट में वह टेस्ट प्रारूप में 11 हजार रन बनाने वाले 12वें खिलाड़ी हैं। उनके इस कारनामे ने टेस्ट क्रिकेट में उनकी निरंतरता और लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन करने की क्षमता को एक बार फिर रेखांकित किया।
स्मिथ ने टेस्ट में अपने 11 हजार रन तो पूरे किए ही साथ ही साथ वो क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में सबसे तेज (पारी के मामले में) गति से रन के इस आंकड़े तक पहुंचने के मामले में राहुल द्रविड़ से आगे निकल गए। स्मिथ ने राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ दिया और टेस्ट में सबसे कम पारियों में 11 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में 5वें नंबर पर पहुंच गए।
राहुल द्रविड़ से आगे निकले स्टीव स्मिथ, टेस्ट क्रिकेट में हासिल की बड़ी उपलब्धि
स्टीव स्मिथ ने टेस्ट में अपने 11 हजार रन 226 पारियों में पूरे किए जबकि राहुल द्रविड़ ने ऐसा 234 पारियों में किया था। स्टीव स्मिथ अब टेस्ट में सबसे कम पारियों में 11 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में 5वें नंबर पर आ गए जबकि द्रविड़ छठे नंबर पर खिसक गए। इस लिस्ट में कुमार संगकारा पहले नंबर पर हैं जिन्होंने 208 पारियों में टेस्ट में अपने 11 हजार रन पूरे किए थे। टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 11 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में ब्रायन लारा दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने ऐसा 213 पारियों में किया था जबकि रिकी पोटिंग ने रन के इस आंकड़े को 222 पारियों में छूआ था और वो तीसरे स्थान पर हैं। चौथे नंबर पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने ऐसा 223 पारियों में किया था।
टेस्ट मे सबसे कम पारियों में 11000 रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज
208 पारी- कुमार संगकारा
213 पारी- ब्रायन लारा
222 पारी- रिकी पोंटिंग
223 पारी- सचिन तेंदुलकर
226 पारी- स्टीव स्मिथ
234 पारी- राहुल द्रविड़
234 पारी- जैक कैलिस
237 पारी- महेला जयवर्धने
238 पारी- जो रूट
252 पारी- एलिएस्टर कुक


