नई दिल्ली : एशियन पैरा गेम्स 2026 के चौथे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की पदक तालिका में दो और स्वर्ण पदक जोड़ दिए। दिन की शुरुआत स्वाति के दमदार प्रदर्शन से हुई, जिन्होंने तीरंदाजी में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके बाद सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को इस प्रतियोगिता में 15वां स्वर्ण पदक दिलाया। वहीं, दिन का दूसरा गोल्ड शीतल देवी और टोमन कुमार की जोड़ी ने पैरा कंपाउंड मिक्स्ड टीम फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीता। इस जीत के साथ भारत के कुल स्वर्ण पदकों की संख्या 16 हो गई और भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सुवर्णा राज ने स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान
भारत की महिला एथलीट सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो F54 फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए सोना हासिल किया। उन्होंने 15.66 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ ये उपलब्धि हासिल की। इस प्रतियोगिता में जहां भारत ने गोल्ड मेडल जीता तो वहीं ईरान की शहला हदीद ने सिल्वर (15.45) और वियतनाम की गुयेन थी न्गोक थुई ने ब्रॉन्ज (14.65) मेडल जीता।
शीतल देवी और टोमन कुमार का कमाल, भारत की झोली में आया गोल्ड
शीतल देवी और टोमन कुमार ने पैरा कंपाउंड मिक्स्ड टीम फाइनल में इंडोनेशिया के थियोडोरा ऑडी आयुडिया फेरेली और केन स्वागुमिलंग को हराकर गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले इन दोनों ने चीनी ताइपे के युन-ह्सिएन ली और ज्युन-काली यांग को 142-141 से हराकर पैरा कंपाउंड मिक्स्ड टीम गोल्ड मेडल मैच के लिए क्वालीफाई किया था। भारत का ये पैरा कांपाउंड मिक्स्ड आर्चरी प्रतियोगिता में पहला गोल्ड मेडल रहा।
गोल्ड से चूक गईं स्वाति
भारतीय महिला आर्चर स्वाति ने शानदार प्रदर्शन किया और वो गोल्ड मेडल की प्रबल दावेदार लग रही थीं, लेकिन 4-2 की बढ़त गंवाने के बाद उन्हें फाइनल में चीन की चेन मेंगकान के हाथों 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि स्वाति सोना तो हासिल नहीं कर पाईं, लेकिन महिलाओं के W1 व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम करने में सफल जरूर रहीं।
कृष्णा और नित्या ने कांस्य जीतकर बढ़ाया देश का मान
भारतीय महिला शटलर कृष्णा नागर और नित्या श्री सुमति सिवन ने मिक्स्ड डबल्स SH6 में ब्रॉन्ज मेडल जीता। मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में उन्हें इंडोनेशिया की रीना मार्लिना और सुभान से 14-21, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाजवूद ये भारतीय जोड़ी ब्रॉन्ज अपने नाम करने में सफल रही। इसके अलावा भारत की मनीषा रामदास और प्रमोद भगत ने मिक्स्ड डबल्स SL3-SU5 में ब्रॉन्ज मेडल जीता। वे सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की लीनी रात्री ओक्टिला और हिकमत रमदानी से 21-16, 13-21, 17-21 से हार गए थे। संजना कुमारी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिला सिंगल्स SL3 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
कृष्णा-नित्या का कमाल, एशियन पैरा गेम्स में भारत की झोली में आया कांस्य पदक
एशियाई पैरा गेम्स 2026 में पुरुष एकल SL4 में सुहास यतिराज और अभिजीत सखुजा ने कांस्य पदक जीता। सुहास यतिराज एसएफ में फ्रेडी सेतियावान से 21-23, 21-8, 15-21 से हार गए जबकि अभिजीत सखुजा एसएफ में हमवतन नवीन शिवकुमार से हार गए।


