IPL 2027: मुंबई इंडियंस ने कीरोन पोलार्ड पर जताया भरोसा, सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (IPL 2027) के दिसंबर में ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने शनिवार (24 अक्टूबर) को कोच का ऐलान कर दिया। 5 बार चैंपियन टीम ने कीरोन पोलार्ड को यह जिम्मेदारी दी है। इससे पहले श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने टीम के मुख्य कोच थे। आईपीएल में मुंबई इंडियंस प्रतिनिधित्व करने वाले पोलार्ड संन्यास के बाद लीग में फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहे थे। वह बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा रहे थे।

मुंबई इंडियंस से पोलार्ड बीते 16 साल से जुड़े हुए हैं। वह मुंबई इंडियंस से 2010 में जुड़े थे। 2022 में उन्होंने संन्यास लिया था। इस दौरान 189 मैचों में 3412 रन बनाए और 69 विकेट लिए। वह मुंबई इंडियंस के खिताब जीतने के दौरान 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में टीम का हिस्सा थे। 2022 सीजन के बाद, उन्होंने मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच का पद संभाला।

प्रदर्शन में सुधार के लिए कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव

पिछले कुछ सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। टीम 2023 और 2025 में प्लेऑफ तक पहुंचने में कामयाब रही, लेकिन 2024 और 2026 में वह क्रमशः दसवें और नौवें स्थान पर रही। यही कारण है कि मुंबई इंडियंस ने कोचिंग सेटअप में बदलाव किया। जयवर्धने की जगह पोलार्ड को कोच नियुक्त किया।

नीता अंबानी के बयान से क्रिकेट जगत में चर्चा तेज

मुंबई इंडियंस की सह-मालिक नीता अंबानी ने कीरोन पोलार्ड को हेड कोच बनाए जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि पोलार्ड महज 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और पिछले 16 वर्षों से वह टीम परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने टीम को कई यादगार पल दिए हैं, जबकि कोच के तौर पर भी वह अपने अनुभव, जुनून और खेल की गहरी समझ का योगदान दे रहे हैं। नीता अंबानी ने कहा कि पोलार्ड को मुख्य कोच की नई जिम्मेदारी संभालते देखना बेहद खुशी की बात है। वह अच्छी तरह जानते हैं कि मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनने और ‘पलटन’ के लिए खेलने का क्या अर्थ है। उन्हें पूरा विश्वास है कि पोलार्ड अपनी नई भूमिका में भी वही प्रतिबद्धता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प दिखाएंगे। उन्होंने टीम के अगले अध्याय के लिए पोलार्ड को शुभकामनाएं भी दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here