आईओए खिलाड़ी आयोग चुनाव में कड़ा मुकाबला, सिंधू-चानू सहित कई बड़े नाम शामिल

0

नई दिल्ली : ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और मीराबाई चानू भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के खिलाड़ी आयोग का सदस्य बनने की दौड़ में शामिल 12 खिलाड़ियों में शामिल हैं। आयोग के 2026-2030 कार्यकाल के लिए 10 सदस्यों का चुनाव 3 नवंबर को होगा। इनमें 5 पुरुष और 5 महिला खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। सिंधु और चानू के साथ तलवारबाज भवानी देवी भी निवर्तमान खिलाड़ी आयोग की सदस्य हैं। इस आयोग की अध्यक्षता दिग्गज मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम कर रही हैं। अब चुनाव के जरिए तय होगा कि अगले कार्यकाल में खिलाड़ी आयोग का हिस्सा बनने का अवसर किन खिलाड़ियों को मिलता है।

सिंधू-चानू के अलावा कौन-कौन खिलाड़ी चुनावी दौड़ में?

चुनाव में दावेदारी पेश करने वाले अन्य खिलाड़ियों में पुरुष और महिला हॉकी टीमों के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और सलीमा टेटे, निशानेबाज स्वप्निल कुसाले, तलवारबाज भवानी देवी, एथलेटिक्स से सुधा सिंह और तजिंदरपाल सिंह, पूर्व तीरंदाज बॉम्बायला देवी, बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत, तैराक साजन प्रकाश और कयाकिंग एवं कैनोइंग के खिलाड़ी मनजीत सिंह शामिल हैं।

निर्वाचन अधिकारी संजय के. श्रीवास्तव ने 16 अक्तूबर को खिलाड़ी आयोग के चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल के 34 सदस्यों की सूची जारी की थी। इसमें 17 राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) से दो-दो प्रतिनिधि शामिल हैं। इसमें अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ), अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए), भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) और टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) का कोई प्रतिनिधि इस सूची में नहीं है।

आईओए के खिलाड़ी आयोग के नियमों के अनुच्छेद 10.3 के अनुसार, केवल उन्हीं राष्ट्रीय खेल महासंघों को अपने खिलाड़ी प्रतिनिधि नियुक्त करने की अनुमति है, जिन्होंने अपना खिलाड़ी आयोग गठित किया है। इन नियमों को सितंबर में मंजूरी दी गई थी। एआईएफएफ और एआईटीए के पास निर्वाचित खिलाड़ी आयोग नहीं हैं, जबकि बीएफआई को आईओए और खेल मंत्रालय, दोनों से मान्यता प्राप्त नहीं है।

एसओएम चयन को लेकर हलचल तेज, प्रक्रिया जारी

आईओए की कार्यकारी परिषद के चुनाव में हिस्सा लेने वाले आठ विशिष्ट उपलब्धि वाले खिलाड़ी (एसओएम) के चयन की प्रक्रिया भी चल रही है। निर्वाचन अधिकारी शुक्रवार रात 80 एसओएम की अंतिम सूची जारी करेंगे जिसमें 40 पुरुष और 40 महिला सदस्य होंगे। इन आठ एसओएम का चुनाव नौ नवंबर को होगा। वे पांच दिसंबर को होने वाले आईओए की कार्यकारी परिषद के चुनाव में हिस्सा लेंगे। पात्र उम्मीदवार 27 से 30 अक्तूबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। पात्र उम्मीदवारों की अंतिम सूची पांच नवंबर को जारी होगी, जबकि एसओएम के चुनाव नौ नवंबर को होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here