- अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं एवं कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की तैयारी को लेकर 25 अक्टूबर को होगा नेटबॉल खिलाड़ियों का चयन ट्रायल
जांजगीर-चांपा: नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम की तैयारी एवं कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय नेटबॉल चयन ट्रायल का आयोजन रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। यह चयन ट्रायल जांजगीर स्थित खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होगा।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस चयन ट्रायल में यूथ एवं सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए तकनीकी समिति की निगरानी में ट्रायल संपन्न कराया जाएगा। चयन प्रक्रिया के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार चयन ट्रायल की रिपोर्ट नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया को भेजी जाएगी।
एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती मीना केरकेट्टा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नेटबॉल खेल को बढ़ावा देने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रकार के चयन ट्रायल महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर चयन स्थल पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
एसोसिएशन के सचिव राजेश राठौर ने बताया कि नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए चयन ट्रायल के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
- स्थान: खोखरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़
- दिनांक: रविवार, 25 अक्टूबर 2026
- समय: सुबह 10:00 बजे से
- जारीकर्ता: नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़


