नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के तीसरे दौर में सोमवार (26 अक्टूबर) को बड़ौदा के खिलाफ मैदान पर उतरते ही जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। 41 वर्षीय डोगरा रणजी ट्रॉफी में अपना 150वां मैच खेलने उतरे। इसके साथ ही वह इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट में 150 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले मुंबई के दिग्गज बल्लेबाज वसीम जाफर ही इस मुकाम तक पहुंचे थे। पारस डोगरा की यह उपलब्धि घरेलू क्रिकेट में उनके लंबे अनुभव, निरंतरता और समर्पण को दर्शाती है।
2000 के दशक के मध्य से लेकर 2016 तक, पारस डोगरा भारतीय घरेलू क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे, लेकिन उनके ज्यादातर रन लाइमलाइट से दूर, रणजी ट्रॉफी के निचले स्तर पर आए। डोगरा का सबसे बेहतरीन सीजन 2012-13 का रहा, जब उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लिए आठ मैचों में पांच शतक लगाए। इनमें से तीन शतक तो लगातार पारियों में आए थे।
पारस डोगरा का शानदार करियर, इंडिया ए की जर्सी भी पहन चुके हैं
डोगरा को उस सीजन में शानदार प्रदर्शन के कारण 2013 में वेस्टइंडीज ए टीम के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में इंडिया ए टीम में शामिल किया गया। हालांकि, डोगरा को केवल एक मैच खेलने का मौका मिला और वे सिर्फ एक बार ही बल्लेबाजी कर पाए, जिसमें उन्होंने 7 रन बनाए। निकिता मिलर की गेंद पर वे बोल्ड हो गए।
पारस डोगरा की कप्तानी में जम्मू-कश्मीर बना चैंपियन
डोगरा ने 2015-16 सीजन में त्रिपुरा और सर्विसेज के खिलाफ लगातार पारियों में अपने करियर का छठा और सातवां दोहरा शतक लगाया। उन्होंने 78.11 के औसत से कुल 703 रन बनाकर सीजन का समापन किया। हिमाचल का साथ छूटने के बाद डोगरा ने पुडुचेरी और फिर जम्मू-कश्मीर का रुख किया। उनकी कप्तानी में जम्मू-कश्मीर ने 2025-26 के सीजन में पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता।
बड़ौदा ने टॉस जीतकर चुनी पहले बल्लेबाजी
बड़ौदा ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। यह मैच बड़ौदा के रिलायंस स्टेडियम में खेल जा रहा है। नीचे दोनों टीमों की प्लेइंग 11 देख सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर की प्लेइंग इलेवन
शुभम खजूरिया, कमरान इकबाल, पारस डोगरा (कप्तान), अब्दुल समद, रिधम शर्मा (विकेटकीपर), कवलप्रीत सिंह, साहिल लोत्रा, वंशज शर्मा, उमर नजीर मीर, सुनील कुमार, रोहित शर्मा।
बड़ौदा की प्लेइंग इलेवन
शिवालिक शर्मा, प्रियांशु मोलिया, शाश्वत रावत, महेश पिठिया, दीपक हुडा, मितेश पटेल (विकेटकीपर), अतीत शेठ (कप्तान), राज लिम्बानी, रसिख सलाम डार, ध्रुव पटेल, भार्गव भट्ट।


