नई दिल्ली : रणजी ट्रॉफी 2026-27 के तीसरे चरण के मुकाबले में मुंबई के ऑलराउंडर मुशीर खान ने हरियाणा के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 6 विकेट हासिल किए। उनकी घातक गेंदबाजी के बावजूद हरियाणा की टीम 270 रन बनाने में सफल रही। हरियाणा की ओर से निशांत सिंधू ने नाबाद शतकीय पारी खेलकर टीम को संभाला और स्कोर को सम्मानजनक स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मुशीर खान की प्रभावशाली गेंदबाजी और निशांत सिंधू की जुझारू बल्लेबाजी इस मुकाबले की प्रमुख चर्चा रही। इस मैच में हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और पहली पारी में इस टीम ने मुशीर खान के 109 रन साथ ही अंगकृष रघुवंशी के 114 रन और तनुष कोटियान के नाबाद 52 रन की पारी के दम पर 430 रन बनाए। इसके जवाब में हरियाणा ने पहली पारी में 270 रन बनाए और मुंबई को 60 रन की लीड मिली।
मुशीर खान की घातक गेंदबाजी, रणजी ट्रॉफी में झटके 6 विकेट
मुंबई के ऑलराउंडर मुशीर खान ने पहली पारी में बैटिंग करते हुए पहले शतकीय पारी खेली और फिर हरियाणा के खिलाफ पहली पारी में 31 ओवर में 85 रन पर 6 विकेट भी झटके। मुंबई की तरफ से हरियाणा के खिलाफ पहली पारी में तनुष कोटियान ने 31.5 ओवर में 70 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि शम्स मुलानी ने 30 ओवर में 62 रन देकर एक विकेट लिया। पहली पारी में तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी और सिल्वेस्टर डिसूजा को एक भी सफलता नहीं मिली।
मुंबई के खिलाफ चमके निशांत सिंधू, खेली नाबाद शतकीय पारी
मुंबई के खिलाफ पहली पारी में हरियाणा के लिए निशांत सिंधू ने नाबाद शतकीय पारी खेली और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर भी रहे। निशांत सिंधू ने 251 गेंदों पर नाबाद 105 रन की पारी एक छक्का और 8 चौकों की मदद से खेली। कप्तान अंकित राजेश कुमार ने 35 रन जबकि हिमांशु राणा ने 27 रन बनाए। इसके अलावा धीरू सिंह ने 45 रन जबकि कनिष्क चौहान ने 26 रन बनाए।


