- –मप्र की विहा ने रजत, महिका ने जीता कांस्य पदक
भोपाल। सीबीएसई राष्ट्रीय बालिका तैराकी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेजबान भोपाल की तिशा पंथी और इंदौर की हार्मनी जैन ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। विहा ठाकुर ने रजत व माहिका सिंह सोंलंकी ने कांस्य पदक जीता है। इस तरह तीसरे दिन मप्र के खिलाडियों ने दो स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य सहित कुल चार पदक जीते।
द ओरिएंटल स्कूल, भोपाल की मेजबानी में राजधानी के प्रकाश तरण पुष्कर में खेली जा रही प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को आईईएस पब्लिक स्कूल, भोपाल की तिशा ने अंडर-11 आयु वर्ग की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 32.03 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। तिशा ने लगातार दूसरे दिन स्वर्ण जीता है। वहीं, द शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर की हार्मनी ने अंडर-17 वर्ग की इसी स्पर्धा में 28.10 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हार्मनी ने लगातार प्रदेश की झोली में पदक डाला है। तिशा ने अपने प्रदर्शन से मेजबान शहर को खास खुशी दी, जबकि हार्मनी ने तेज गति से तैराकी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से मध्य प्रदेश का दबदबा देखने को मिला।
-विहा को रजत, महिका ने जीता कांस्य
प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की द शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल, नार्थ कैंप की विहा ठाकुर ने अंडर-19 की 200 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में 2 मिनट 44.96 सेकंड का समय लेकर रजत पदक हासिल किया। वहीं, इंदौर की महिका सिंह सोलंकी ने अंडर-14 की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 1 मिनट 25.14 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मानसा के विधायक अनिरुद्ध माधव मारू मुख्य अतिथि रहे। भारतीय खेल प्राधिकरण के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक राजिंदर सिंह सहित अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। अतिथियों ने तिशा और हार्मनी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


