नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में 11 छक्कों की मदद से तूफानी पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। उन्होंने भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। तीसरे मैच में लगाए गए 11 छक्कों के दम पर अभिषेक न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था।
9 मैचों में 33 छक्के जड़कर अभिषेक शर्मा बने नंबर-1
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक कुल 9 टी20आई मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने कुल 33 छक्के लगाए हैं। अब वो सूर्यकुमार यादव से आगे निकल चुके हैं जिन्होंने कीवी टीम के विरुद्ध टी20आई में 14 मैचों में 29 छक्के लगाए हैं। कीवी टीम के खिलाफ टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में अब अभिषेक ने टॉप पोजिशन पर कब्जा कर लिया है जबकि सूर्यकुमार यादव दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
इस लिस्ट में फिलहाल तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं जो अब भारत के लिए टी20आई प्रारूप में नहीं खेलते हैं। रोहित शर्मा ने कीवी टीम के खिलाफ 17 मैचों में 511 रन बनाए और इस दौरान कुल 27 छक्के लगाए थे। इस लिस्ट में इशान किशन चौथे स्थान पर मौजूद हैं जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक कुल 13 मैच खेले हैं जिसमें उनके बल्ले से कुल 22 छक्के निकले हैं। इस सूची में 5वें स्थान पर शिवम दुबे और संजू सैमसन एक साथ मौजूद हैं। शिवम ने कीवी टीम के खिलाफ अब तक खेले 11 मैचों में 16 छक्के लगाए हैं जबकि संजू ने भी इतने ही मैचों में 16 छक्के जड़े हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ छक्कों का रिकॉर्ड, टी20आई में टॉप-5 भारतीय बल्लेबाज
अभिषेक शर्मा- 9 मैच- 33 छक्के
सूर्यकुमार यादव- 14 मैच- 29 छक्के
रोहित शर्मा- 17 मैच- 511 छक्के
इशान किशन- 13 मैच- 22 छक्के
शिवम दुबे- 11 मैच- 16 छक्के
संजू सैमसन- 11 मैच- 16 छक्के
भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में टिम सीफर्ट पहले स्थान पर हैं। उन्होंने 19 मैचों में 28 छक्के लगाए हैं। दूसरे नंबर पर डेरिल मिचेल हैं, जिन्होंने 23 मैचों में 25 छक्के जड़े हैं। वहीं, कॉलिन मुनरो 12 मैचों में 24 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। चौथे स्थान पर मार्टिन गप्टिल और ग्लेन फिलिप्स संयुक्त रूप से काबिज हैं। गप्टिल ने 16 मैचों में, जबकि फिलिप्स ने 20 मैचों में 23 छक्के लगाए हैं। ये आंकड़े क्रिकइन्फो से लिए गए हैं और समय के साथ इनमें बदलाव हो सकता है।


