साई रायपुर में तीरंदाजी एवं वॉलीबॉल के लिए होंगे चयन ट्रायल, 10 से 18 वर्ष के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा आवासीय प्रशिक्षण का अवसर

0

रायपुर, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के उभरते हुए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) प्रशिक्षण केंद्र, रायपुर द्वारा तीरंदाजी एवं वॉलीबॉल खेलों के लिए प्रतिभा चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। यह चयन प्रक्रिया 2 एवं 3 नवंबर 2026 को रायपुर स्थित साई प्रशिक्षण केंद्र में संपन्न होगी। इसके माध्यम से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भारतीय खेल प्राधिकरण की आवासीय योजना के अंतर्गत उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, रायपुर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तीरंदाजी में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं तथा वॉलीबॉल में 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को साई की आवासीय योजना में शामिल कर आधुनिक खेल सुविधाओं एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के खिलाड़ियों को मिलेगा अवसर

चयन प्रक्रिया में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग ले चुके खिलाड़ियों के साथ राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में पदक प्राप्त करने वाले तथा जिला एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। चयन भारतीय खेल प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार गठित चयन समिति की अनुशंसा पर किया जाएगा।

खिलाड़ियों को मिलेंगी निःशुल्क सुविधाएं

साई की आवासीय योजना के अंतर्गत चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास एवं भोजन, चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना बीमा, प्रतिवर्ष खेल परिधान तथा उच्चस्तरीय खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीक एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षण के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।

2 नवंबर को सुबह 8 बजे पहुंचना अनिवार्य

चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को खेल परिधान एवं जूते पहनकर उपस्थित होना होगा। साथ ही आधार कार्ड, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र की मूल प्रतियां, प्रत्येक की दो-दो छायाप्रतियां एवं तीन कलर फोटो साथ लाना अनिवार्य है।

खिलाड़ियों को 2 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजे भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र, छत्रपति शिवाजी इंडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब, श्याम टॉकीज रोड, एसटीसी, रायपुर (छत्तीसगढ़) में रिपोर्ट करना होगा।

साई प्रशिक्षण केंद्र रायपुर ने रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान खिलाड़ियों से इस चयन प्रक्रिया में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here