हैदराबाद। बीसीसीआई द्वारा रणजी ट्रॉफी 2026-27 का आयोजन 11 अक्टूबर 2026 से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम का चौथा मुकाबला 2 से 5 नवंबर 2026 तक हैदराबाद के जिमखाना स्टेडियम में हैदराबाद के विरुद्ध खेला गया। चार दिवसीय इस रोमांचक मुकाबले में हैदराबाद ने छत्तीसगढ़ को एक विकेट से पराजित किया।
पहली पारी में छत्तीसगढ़ को मिली बढ़त
मैच में टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। छत्तीसगढ़ ने अपनी पहली पारी में 90.1 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 284 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान अनुज तिवारी ने 72 रन और विकल्प तिवारी ने 69 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा मयंक वर्मा और जयंत यादव ने 36-36 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से मिलिंद ने 3 विकेट, जबकि रक्षण रेड्डी और अनिकेत रेड्डी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में हैदराबाद की टीम अपनी पहली पारी में 86.1 ओवर में 280 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह छत्तीसगढ़ को पहली पारी के आधार पर 4 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिली। हैदराबाद की ओर से राहुल रादेश ने 72 रन और हिमातेजा ने 46 रन बनाए। इनके अलावा अनिकेत रेड्डी ने 32 तथा तनय त्यागराजन ने 34 रनों का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए। वहीं देव आदित्य सिंह और जयंत यादव ने 2-2 विकेट लिए।

दूसरी पारी में छत्तीसगढ़ ने दिया 259 रनों का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में 68.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 254 रन बनाए। टीम की ओर से मयंक वर्मा ने शानदार 81 रन और संजीत देसाई ने 51 रन बनाए। इनके अलावा धर्मेंद्र जडेजा ने 38 रनों का योगदान दिया। हैदराबाद की ओर से रक्षण रेड्डी और अनिकेत रेड्डी ने 3-3 विकेट हासिल किए।
इस प्रकार हैदराबाद को जीत के लिए 259 रनों का लक्ष्य मिला।
एक विकेट शेष रहते हैदराबाद ने दर्ज की जीत 259 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद 79.4 ओवर में 9 विकेट खोकर 259 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। हैदराबाद की ओर से अभिरथ रेड्डी ने 68 रन और वरुण गौड़ ने 55 रन बनाए। वहीं अनिकेत रेड्डी ने महत्वपूर्ण 39 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई।
छत्तीसगढ़ की ओर से देव आदित्य सिंह ने 3 विकेट हासिल किए। हालांकि छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों के शानदार प्रयास के बावजूद हैदराबाद ने एक विकेट शेष रहते रोमांचक जीत दर्ज की। पहली पारी में 4 रनों की बढ़त हासिल करने के बावजूद छत्तीसगढ़ को अंतिम पारी में एक विकेट से हार का सामना करना पड़ा।


