वेस्ट ज़ोन अंतर विश्वविद्यालयीन महिला हॉकी प्रतियोगिता में आरएनटीयू ने जीता सिल्वर मेडल

0
  • शानदार प्रदर्शन के साथ ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल की महिला हॉकी टीम ने वेस्ट ज़ोन अंतर विश्वविद्यालयीन हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही आरएनटीयू की टीम ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हॉकी प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

राजस्थान की यूनिवर्सिटी ऑफ जयपुर में 31 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में पश्चिम क्षेत्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों की महिला हॉकी टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में क्वालीफाई करने वाली चार टीमों के बीच लीग आधार पर मुकाबले खेले गए। आरएनटीयू की टीम ने तीन मुकाबलों में कुल पांच अंक अर्जित कर शानदार प्रदर्शन किया और सिल्वर मेडल हासिल किया।

लीग मुकाबलों में आरएनटीयू का प्रदर्शन

आरएनटीयू की टीम ने अपने पहले लीग मुकाबले में सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय, पुणे के साथ कड़ा मुकाबला खेलते हुए 1-1 से ड्रॉ खेला। इस मैच में आरएनटीयू की ओर से हिरवा पुरोहित ने शानदार गोल किया।

दूसरे लीग मुकाबले में आरएनटीयू की टीम ने महाराजा कृष्ण कुमार सिंह जी भावनगर विश्वविद्यालय, गुजरात को 5-2 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में आरएनटीयू की साक्षी जैन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागे, जबकि मुनमुनी दास और योगिता वर्मा ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

तीसरे लीग मुकाबले में आरएनटीयू का सामना आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर से हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और मुकाबला ड्रॉ रहा। इस प्रकार आरएनटीयू ने तीन लीग मुकाबलों में पांच अंक अर्जित करते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया और सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।

आरएनटीयू की महिला हॉकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, आक्रामक खेल, शानदार टीमवर्क और बेहतरीन खेल कौशल का परिचय दिया। टीम की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करना टीम की मेहनत और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।

टीम ने यह सफलता कोच देवकीनंदन कुशवाहा के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन तथा टीम मैनेजर डॉ. सतीश अहिरवार के नेतृत्व में हासिल की।

टीम की इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के चांसलर संतोष चौबे, आईसेक्ट इंडिया समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, कुलगुरु डॉ. रवि प्रकाश दुबे, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता एवं कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी और खेल और युवा कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जिला चतुर्वेदी ने सभी खिलाड़ियों, कोच एवं टीम मैनेजर को बधाई देते हुए ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

आरएनटीयू की महिला हॉकी टीम में शामिल खिलाड़ी:
सोनम राणा (बीपीएड प्रथम वर्ष), आश्रिता ठाकुर (एमपीईएस प्रथम वर्ष), पलक गुप्ता (एमपीईएस प्रथम वर्ष), आयुषी पटेल (बीपीएड प्रथम वर्ष), समीक्षा यादव (बीपीईएस प्रथम वर्ष), हुडा खान (बीपीएड प्रथम वर्ष), कनक पाल (बीएससी बायोटेक्नोलॉजी प्रथम वर्ष), सुजाता जयंता (बीपीईएस प्रथम वर्ष), साक्षी जैन (बीपीएड द्वितीय वर्ष), योगिता वर्मा (एमपीईएस प्रथम वर्ष), लवदीप कौर गिल (पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्रथम वर्ष), पूजा कोरी (बीपीईएस प्रथम वर्ष), हिरवा पुरोहित (बीएससी प्रथम वर्ष), नेहा साउता (बीपीएड प्रथम वर्ष), कृष्णा परिहार (गोलकीपर, बीपीईएस प्रथम वर्ष), दीक्षा भार्गव (बीपीएड प्रथम वर्ष), मुनमुनी दास (बीपीएड द्वितीय वर्ष) एवं अमना अजीज (बीए द्वितीय वर्ष)।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here