नई दिल्ली : भारतीय टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर है और वनडे सीरीज से पहले टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम कर चुकी है। अब पहला वनडे भी मेजबान टीम हार चुकी है और उसकी मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले वनडे से पूर्व फील्डिंग ड्रिल के दौरान टीम के स्टार बल्लेबाज डेवन कॉनवे और अनुभवी पेसर मैट हेनरी आपस में टकरा गए थे। इसके बाद दोनों को पहले मैच से बाहर रहना पड़ा था। अब कॉनवे पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।
डेवन कॉनवे अब बचे हुए चार वनडे मैचों के लिए भी टीम से बाहर हो चुके हैं। वहीं मैट हेनरी को बचे हुए चार मुकाबलों के लिए फिटनेस क्लीयरेंस मिल गया है। यानी सीरीज में 1-0 से पिछड़ रही न्यूजीलैंड के लिए यह एक बड़ा झटका है। रचिन रविंद्र पहले से ही इंजरी के कारण स्क्वाड से बाहर हैं। अब डेवन कॉन्वे की जगह निक केली को टीम में चुना गया है।
बता दें कि निक केली पहले से ही न्यूजीलैंड के चौथे व पांचवें वनडे मैच के स्क्वाड का हिस्सा थे, लेकिन अब उन्हें दूसरे और तीसरे मुकाबले के लिए भी टीम के साथ जोड़ लिया गया है। जबकि मैट हेनरी को फिट घोषित करने से न्यूजीलैंड का खेमा थोड़ी राहत महसूस कर सकता है। सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार 7 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा। उससे पहले कीवी टीम के लिए यह दो बड़े अपडेट सामने आए हैं।
न्यूजीलैंड का दूसरे व तीसरे वनडे के लिए अपडेटेड स्क्वाड
मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, हेनरी निकोल्स, टिम साइफर्ट, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लाथम (विकेटकीपर), डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग, मैट फिशर, निक केली।
न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने जीता पहला वनडे, 5 विकेट से दर्ज की शानदार जीत
न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी पहले वनडे मुकाबले में बुरी तरह फ्लाप साबित हुई। कीवी टीम 185 रन पर ही सिमट गई और 200 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी। इसके बाद बारिश के कारण भारत को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य मिला। टीम इंडिया ने 5 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल करते हुए 5 विकेट से मैच जीत लिया। विराट कोहली ने 74 रन की पारी खेली थी। वहीं गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह 4, गुरनूर बराड़ 3 और अंशुल कम्बोज 2 विकेट लेकर स्टार बने।


