नई दिल्ली : त्रिपुरा के 23 वर्षीय संदीप सरकार रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अपनी शानदार गेंदबाजी से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज संदीप मध्यक्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने की क्षमता भी रखते हैं। इस तरह वह एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके निरंतर प्रदर्शन और ऑलराउंड खेल ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारों में शामिल कर दिया है।
संदीप सरकार ने खुद को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की है और त्रिपुरा जैसी छोटी सी जगह से वो सामने आए हैं जहां संसाधन सीमित है और बुनियादी सुविधाओं की भारी कम है। 6 अप्रैल 2003 को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में जन्मे संदीप ने इन चुनौतियों के बावजूद अपनी मेहनत से घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है।
पिता ने हर कदम पर बढ़ाया हौसला
संदीप को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था और उनके पिता भी क्रिकेट के बहुत बड़े प्रशंसक थे, जिन्होंने संदीप के सपने को समझा और हर संभव सहायता की। संदीप ने अगरतला के स्थानीय मैदानों पर अभ्यास करते हुए क्रिकेट के तकनीक और इसके कौशल के बारे में जाना। हालांकि पूर्वोत्तर राज्यों में बुनियादी ढांचे की कमी और राष्ट्रीय स्तर पर उचित ध्यान न मिल पाने के कारण खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के लिए बेहद कम अवसर मिलते थे, लेकिन बीसीसीआई द्वारा पूर्वोत्तर राज्यों को मुख्यधारा रणजी ट्रॉफी प्रतियोगिताओं में शामिल किए जाने के बाद ही यहां के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर के दरवाजे पूरी तरह खुले। संदीप ने इन अवसरों को हासिल के लिए वर्षों तक क्लब और जिला स्तरीय क्रिकेट में कड़ा अभ्यास किया।
संदीप सरकार का क्रिकेट सफर, मेहनत ने दिलाई नई पहचान
संदीप ने अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 उम्र वर्ग के प्रतियोगिताओं में जिला स्तर पर बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया और इसके बाद ही उन्हें त्रिपुरा की राज्य टीम में जगह मिली। संदीप दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और दाएं हाथ से ऑफ-ब्रेक गेंदबाजी करते हैं। वह टीम के लिए एक उपयोगी ऑलराउंडर की भूमिका निभाते हैं जो टीम की जरूरत के मुताबिक मध्यक्रम या फिर निचले क्रम पर बल्लेबाजी भी करते हैं साथ ही टीम के लिए मुख्य ऑफ-स्पिनर की भी भूमिका निभाते हैं। संदीप अब प्रथम श्रेणी के क्रिकेट में त्रिपुरा के प्रमुख स्पिन अटैकर हैं।
रणजी ट्रॉफी में त्रिपुरा का शानदार प्रदर्शन, सौराष्ट्र पर 133 रन से दर्ज की जीत
संदीप सरकार की रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई जब उन्होंने एलीट ग्रुप बी के मुकाबले के दौरान सौराष्ट्र के खिलाफ अपनी टीम को 133 रन के बड़ी जीत दिलाई। त्रिपुरा की टीम अपने शुरुआती तीन मुकाबले (हैदराबाद, असम और कर्नाटक के खिलाफ) हार चुकी थी और टीम पर भारी दबाव था। सौराष्ट्र के खिलाफ हुए मैच में संदीप ने पहली पारी में 15.5 ओवरों में 48 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जिससे सौराष्ट्र की मजबूत टीम महज 118 रन पर सिमट गई। इसके बाद दूसरी पारी में 342 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही सौराष्ट्र टीम के खिलाफ उन्होंने 26.3 ओवर में 81 रन देकर 4 विकेट चटकाए। संदीप ने इस मैच में कुल 81.4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 8 विकेट लिए और त्रिपुरा को रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन की पहली और एक बहुत बड़ी ऐतिहासिक जीत दिलाई।
त्रिपुरा के संदीप सरकार बन सकते हैं शानदार ऑलराउंडर, लगातार निखर रहा खेल
हालांकि संदीप सरकार का करियर अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन वे कई रिकॉर्ड तोड़ने और अहम मुकाम हासिल करने की राह पर हैं। घरेलू क्रिकेट और अंडर-19 स्तर पर उनके प्रदर्शन से पता चलता है कि उनमें भारत के प्रमुख ऑलराउंडरों में से एक बनने की क्षमता है। उनकी दाएं हाथ की बल्लेबाजी और ऑफ-स्पिन गेंदबाजी का संयोजन आधुनिक क्रिकेट के लिए उन्हें बेहतरीन खिलाड़ी बनाता है। संदीप की खासियत ये है कि दवाब की स्थिति में वो अच्छा प्रदर्शन करते हैं और इस रणजी सीजन में ऐसा नजर भी आया है जहां उन्होंने अब तक खेले 4 मैचों में कुल 24 विकेट लिए हैं जिसमें उन्होंने एक पारी में 4 विकेट लेने का कमाल तीन बार जबकि 5 विकेट लेने का कमाल एक बार कर चुके हैं।


