नई दिल्ली : अंडर-19 एशिया कप 2026 के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने टूर्नामेंट के पहले मैच में नेपाल के खिलाफ 70 रन की नाबाद पारी खेली थी, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ उनके बल्ले से 22 रन निकले थे। अब यूएई के खिलाफ आर्यवीर ने 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। शतक लगाने के बाद जूनियर सहवाग ने बल्लेबाजी की रफ्तार और तेज कर दी तथा यूएई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
आर्यवीर सहवाग ने अपनी पारी में शुरुआत धीमी की थी। बीच-बीच में वह अपना गीयर बदलते रहे। आखिरी में शतक पूरा करने के बाद उन्होंने आतिशी अंदाज अपनाया और चौकों-छक्कों की लाइन लगा दी। सहवाग ने 168 गेंद पर 160 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने इस पारी में 17 चौके और 7 छक्के लगाए। उनका यूथ वनडे इंटरनेशनल में यह पहला शतक था। इससे पहले पिछले पांच मैचों में आर्यवीर सहवाग ने 201 रन इसी फॉर्मेट में बनाए थे। इसी टूर्नामेंट में आई 70 रन की पारी यूथ वनडे में उनका पहली हाफ सेंचुरी थी। अब उन्होंने अपना पहला शतक भी लगा दिया है। उनका औसत करीब 40 और स्ट्राइक रेट 90 से ऊपर का है।
143 गेंदों पर 173 रन की तूफानी पारी, आर्यवीर सहवाग ने मचाया तहलका
19 वर्षीय आर्यवीर सहवाग ने हाल ही में वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली के लिए बतौर कप्तान खेलते हुए बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले में 143 गेंदों पर ही 173 रन बना दिए थे, इस दौरान उन्होंने 8 छक्के और 19 चौके भी लगाए थे। इसी टूर्नामेंट में नेपाल के खिलाफ भी उन्होंने आतिशी शुरुआत करते हुए 34 गेंद पर अर्धशतक जड़ा था और 52 गेंद पर 70 रन की पारी खेली थी। अपनी पारी में उन्होंने 4 छक्के और 7 चौके लगाए थे।


