नई दिल्ली : अंडर-19 एशिया कप 2026 के अपने तीसरे ग्रुप मुकाबले में भारतीय टीम ने यूएई के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 309 रन बनाए। इस तरह यूएई को जीत के लिए 310 रन का लक्ष्य मिला। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 160 रन की बेहतरीन पारी खेली। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे वीके विनीत ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और अर्धशतकीय योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
विनीत और सहवाग ने भारतीय पारी को धीरे-धीरे संभाला और अंत में गीयर बदलते हुए तेज बल्लेबाजी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 193 रन जोड़े। आर्यवीर सहवाग ने 160 रन की पारी में 17 चौके और 7 छक्के लगाए। नसीम खान ने उनकी पारी का अंत किया। नसीम ने ही वीके विनीत को 67 रन पर पवेलियन भेजा। उन्होंने 69 गेंद की पारी में तीन चौके व तीन छक्के लगाए।
इससे पहले भारतीय कप्तान और ओपनर लक्ष्य रायचंदानी का फिर से बल्ला नहीं चला है। नेपाल के खिलाफ उन्होंने नाबाद अर्धशतक लगाया था। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ वह खाता नहीं खोल पाए थे। इस मुकाबले में भी उन्होंने 32 गेंद पर सिर्फ 17 रन बनाए। पिछले मैच के हीरो और शतकवीर अर्जुन राजपूत इस मैच में 5 गेंद पर 4 रन ही बना पाए और हदायातुल्लाह खान के शिकार बने।
अंडर-19 एशिया कप में अन्वय द्रविड़ फ्लॉप
46.1 ओवर में 276 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद यशबर्धन चौहान ने 10 गेंद पर 17 रन बनाए और तेजतर्रार फिनिश किया। हालांकि, अन्वय द्रविड़ का विकेट भी इस दौरान गिरा। द्रविड़ ने 9 गेंद पर 12 रन बनाए और वह भी नसीम खान का शिकार बन गए। मनल चौहान ने भी सिर्फ 1 रन का ही योगदान दिया।
यशबर्धन चौहान ने 10 गेंद पर 17 रन बनाए और स्कोर 300 पार पहुंचाने में मदद की। अयान मिस्बाह ने उनको पवेलियन भेज दिया। उनके अलावा यूएई के लिए नूरुल्लाह आयोबी और हदायातुल्लाह खान को भी 1-1 विकेट मिला। वहीं नसीम खान ने 4 विकेट लिए। वह यूएई के सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 10 ओवर में 1 मेडन के साथ 48 रन दिए। मोहित उल्वा ने नाबाद रहते हुए 2 गेंद पर 7 रन बनाए।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
इंडिया अंडर 19: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशबर्धन चौहान, अर्जुन राजपूत, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, आर्यन सवसानी, काव्य पटेल, मोहित उल्वा, इशान सूद।
यूएई अंडर 19: अयान मिस्बाह (कप्तान), मुहम्मद साद (विकेटकीपर), अहमद ख़ुदादाद, यायिन राय, मोहम्मद नफीस, नूरुल्लाह अयोबी, हदायातुल्लाह खान, बिलाल खान, नसीम खान, ज़ैनुल्लाह रहमानी, उदीश सूरी।


