नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खिलाड़ियों की अदला-बदली यानी ट्रेड विंडो हमेशा से फ्रेंचाइजी और क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का बड़ा विषय रही है। कई बार एक खिलाड़ी का टीम बदलना सिर्फ उसकी नई शुरुआत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे दोनों फ्रेंचाइजी की रणनीति और अगले सीजन की तस्वीर भी बदल जाती है।
आईपीएल 2027 के लिए होने वाली नीलामी से पहले फिर ट्रेड विंडो पर सबकी नजरें हैं। हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह के बीच संभावित ट्रेड की चर्चा ने इस हलचल को और बढ़ा दिया है। आईपीएल 2027 के लिए ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों को रिटेन करने और ट्रेड करने की प्रक्रिया 17 नवंबर को बंद हो जाएगी। मौजूदा चक्र का आखिरी मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर (संभावित) को होगा।
इससे पहले सभी टीमों को अगले सप्ताह तक अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची सौंपनी होगी। इसका मतलब है कि आने वाले कुछ दिन काफी दिलचस्प रहने वाले हैं, क्योंकि कुछ बड़े खिलाड़ियों की टीम बदलने की संभावना है। पिछले 18 साल में IPL में ऐसे कई बड़े ट्रेड हुए हैं, जिन्होंने टीमों की किस्मत बदलने में अहम भूमिका निभाई। ऋषभ पंत-कुलदीप यादव से लेकर संजू सैमसन-रविंद्र जडेजा तक, एक नजर ऐसे ही 4 बड़े ट्रेड पर।
आईपीएल 2026 सीजन के कुछ समय बाद दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच ऋषभ पंत और कुलदीप यादव को लेकर ट्रेड डील हुई। इस सौदे के तहत ऋषभ पंत पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौटे, जबकि कुलदीप यादव 13.5 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने। आईपीएल 2024 में लखनऊ ने पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस बार दिल्ली लौटने पर उनकी कमाई लगभग आधी रह गई।
इस सप्ताह मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच संभावित ट्रेड की काफी चर्चा है। इस डील में भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह के नाम सामने आ रहे हैं। अगर सौदा होता है तो यह IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ट्रेड में शामिल हो सकता है। पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को 18 करोड़ रुपये में ट्रेड किया था। IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ट्रांसफर में शामिल इस सौदे के बदले राजस्थान रॉयल्स को ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और सैम करन मिले थे।
IPL में शुरुआती बड़े खिलाड़ी ट्रेड 2009 में हुए थे। उस समय भारत के पूर्व क्रिकेटर जहीर खान, रॉबिन उथप्पा, आशीष नेहरा और शिखर धवन इन सौदों का हिस्सा बने थे। जहीर खान और रॉबिन उथप्पा के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच अदला-बदली हुई थी। इसके तहत रॉबिन उथप्पा मुंबई से RCB (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) में चले गए थे। शिखर धवन मुंबई इंडियंस से दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) में आए थे और उनके बदले आशीष नेहरा मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने थे।
आईपीएल प्रमुख ट्रेड और ट्रांसफर
| वर्ष | खिलाड़ी | टीम | किस टीम में गए | डिटेल्स |
| 2009 | जहीर खान | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | मुंबई इंडियंस | रॉबिन उथप्पा स्वैप डील का हिस्सा |
| 2009 | आशीष नेहरा | दिल्ली डेयरडेविल्स | मुंबई इंडियंस | शिखर धवन स्वैप डील का हिस्सा |
| 2012 | दिनेश कार्तिक | किंग्स इलेवन पंजाब | मुंबई इंडियंस | |
| 2012 | प्रज्ञान ओझा | डेक्कन चार्जर्स | मुंबई इंडियंस | |
| 2012 | केविन पीटरसन | डेक्कन चार्जर्स | दिल्ली डेयरडेविल्स | |
| 2013 | आशीष नेहरा | दिल्ली डेयरडेविल्स | पुणे वॉरियर्स इंडिया | रॉस टेलर स्वैप डील का हिस्सा |
| 2015 | पार्थिव पटेल | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | मुंबई इंडियंस | |
| 2016 | केएल राहुल | सनराइजर्स हैदराबाद | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | |
| 2019 | क्विंटन डीकॉक | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | मुंबई इंडियंस | 2.8 करोड़ रुपये |
| 2019 | मार्कस स्टोइनिस | किंग्स इलेवन पंजाब | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 6.2 करोड़ रुपये |
| 2019 | शिखर धवन | सनराइजर्स हैदराबाद | दिल्ली कैपिटल्स | 5.2 करोड़ रुपये |
| 2019 | अभिषेक शर्मा | दिल्ली कैपिटल्स | सनराइजर्स हैदराबाद | धवन स्वैप डील का हिस्सा |
| 2020 | रविचंद्रन अश्विन | किंग्स इलेवन पंजाब | दिल्ली कैपिटल्स | 7.6 करोड़ रुपये, जे सुचित स्वैप डील का हिस्सा |
| 2020 | ट्रेंट बोल्ट | दिल्ली कैपिटल्स | मुंबई इंडियंस | 3.2 करोड़ रुपये |
| 2020 | अजिंक्य रहाणे | राजस्थान रॉयल्स | दिल्ली कैपिटल्स | 5.25 करोड़ रुपये |
| 2021 | हर्षल पटेल | दिल्ली कैपिटल्स | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | |
| 2021 | रॉबिन उथप्पा | राजस्थान रॉयल्स | चेन्नई सुपर किंग्स | |
| 2022 | लॉकी फर्ग्यूसन | गुजरात टाइटंस | कोलकाता नाइट राइडर्स | 10 करोड़ रुपये |
| 2022 | शार्दुल ठाकुर | दिल्ली कैपिटल्स | कोलकाता नाइट राइडर्स | 10.75 करोड़ रुपये |
| 2024 | आवेश खान | लखनऊ सुपर जायंट्स | राजस्थान रॉयल्स | 10 करोड़ रुपये, देवदत्त पडिक्कल के बदले |
| 2024 | हार्दिक पंड्या | गुजरात टाइटंस | मुंबई इंडियंस | 15 करोड़ रुपये |
| 2024 | कैमरन ग्रीन | मुंबई इंडियंस | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 17.5 करोड़ रुपये |
| 2025 | संजू सैमसन | राजस्थान रॉयल्स | चेन्नई सुपर किंग्स | 18 करोड़ रुपये |
| 2025 | रविंद्र जडेजा | चेन्नई सुपर किंग्स | राजस्थान रॉयल्स | 14 करोड़ रुपये, सैमसन स्वैप डील का हिस्सा |
| 2025 | मोहम्मद शमी | सनराइजर्स हैदराबाद | लखनऊ सुपर जायंट्स | 10 करोड़ रुपये |
| 2026 | ऋषभ पंत | लखनऊ सुपर जायंट्स | दिल्ली कैपिटल्स | 15 करोड़ रुपये |
| 2026 | कुलदीप यादव | दिल्ली कैपिटल्स | लखनऊ सुपर जायंट्स | 13.5 करोड़ रुपये |
| 2026 | टी नटराजन | दिल्ली कैपिटल्स | सनराइजर्स हैदराबाद | 5 करोड़ रुपये |
| 2026 | लियाम लिविंगस्टोन | सनराइजर्स हैदराबाद | चेन्नई सुपर किंग्स | 6 करोड़ रुपये |


