टीम इंडिया से बाहर होने पर पहली बार बोले सूर्यकुमार यादव, कहा- अच्छे दिन आने वाले हैं

0

नई दिल्ली : भारतीय टीम को साल 2026 में अपनी कप्तानी में टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने के बाद टीम से बाहर होना निश्चित ही सूर्यकुमार यादव के लिए काफी मुश्किल समय था। टीम से बाहर होने के साथ-साथ उनसे कप्तानी भी छिन गई। चयन समिति और टीम मैनेजमेंट का यह फैसला समझ से परे था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक तरफ सूर्या ने वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में 2028 ओलंपिक के लिए ताल ठोकी थी, लेकिन उन्हें नहीं पता था अगले कुछ दिन में उनका ही पत्ता कटने वाला है। अब इसको लेकर सूर्या ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है।

सूर्यकुमार यादव ने मुंबई में आयोजित टी-20 मुंबई लीग के ‘सेलिब्रेशन ऑफ चैंपियंस’ कार्यक्रम में खुलकर अपनी बातों को रहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूर्या ने बताया कि पिछले कुछ महीनों का समय मुश्किल था लेकिन अब क्रिकेट के प्रति अपना पुराना लगाव और जुनून उन्होंने फिर से हासिल कर लिया है। सूर्यकुमार ने भारत के लिए अपना पिछला मुकाबला आठ मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप फाइनल में खेला था।

भारत ने उस मुकाबले को 96 रन से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया था। फाइनल मुकाबले में सूर्यकुमार पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। इससे पहले भी उनका बल्ला लगातार खामोश रहा था। खराब प्रदर्शन के चलते आखिरकार उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा और कप्तानी भी गंवानी पड़ी थी।

भारतीय टीम में वापसी पर सूर्यकुमार यादव ने दिया बड़ा अपडेट

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूर्यकुमार यादव ने कहा,”टी-20 विश्व कप जीतने के बाद का समय थोड़ा मुश्किल रहा है। मैं इस सच्चाई से मुंह नहीं मोड़ना चाहता। अगर आप खुद के प्रति ईमानदार नहीं हैं, तो खुशहाल जिंदगी जीना भी मुश्किल हो जाता है। सच कहूं तो टीम से बाहर होना मेरे लिए बहुत कठिन रहा लेकिन इसी दौरान आईपीएल के समय मई में मेरे घर बेटी का जन्म हुआ। इसके बाद मेरा पूरा ध्यान उसकी तरफ चला गया। उसके जन्म के बाद बीते कुछ महीने मेरे लिए बेहद खूबसूरत रहे हैं।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूर्या ने आगे कहा,”मेरे लिए टीम के बाहर होने के बाद शुरुआती दो महीने काफी मुश्किल भरे थे। इसके बाद मैंने अपने पुराने दिनों को याद करना शुरू किया। मैंने सोचा कि क्यों न फिर से उसी तरह सोचना शुरू करूं, जैसे अपने करियर की शुरुआत में सोचता था। मेरे क्रिकेट के सफर की शुरुआत में मेरा एकमात्र सपना मुंबई की आयु-वर्ग क्रिकेट टीमों में खेलना और आगे चलकर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करना था।”

सूर्यकुमार यादव ने पत्नी देविशा से की चर्चा

इसके बाद 36 वर्षीय सूर्यकुमार यादव ने अपने भविष्य को लेकर पत्नी देविशा शेट्टी के साथ बैठकर विचार-विमर्श किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व कप्तान ने बताया,”मैंने इन तमाम बातों पर गौर किया और पत्नी से बातचीत शुरू की। उन्होंने भी वही बात कही जो मेरे मन थी। उनका मनना था कि मुझे फिर से वही जुनून फिर से जगाना होगा, जो 15 साल की उम्र में मेरे अंदर था। उस समय मेरा एकमात्र सपना मुंबई की अंडर-15 टीम का प्रतिनिधित्व करना था।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेटर ने बताया,”मैंने इसी बात पर ध्यान देना शुरू किया और अब 10-15 साल पहले की तरह ही अपने खेल पर काम कर रहा हूं। मैंने दोबारा उसी अंदाज में अभ्यास शुरू कर दिया है। खेल के प्रति वही जुनून और लगाव फिर से पैदा कर रहा हूं। अब सब कुछ सामान्य हो गया है। जब आप इन बातों के बारे में सोचते हैं और अपना पूरा ध्यान खेल पर लगाते हैं, तो आपके मन में अपनी टीम और परिवार के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की इच्छा जागती है। इससे चीजें पूरी तरह बदल जाती हैं। फिलहाल मैं भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा हूं।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूर्या आगे बोले, ”मेरा मुख्य लक्ष्य अब भी वही है, जो पहले हुआ करता था। मुंबई के लिए मैच जीतना और अपनी टीम को चैंपियन बनाना।” युवाओं को सलाह देते हुए उन्होंने कहा,”जब आप घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं और शानदार खेल दिखाते हैं, तो आपको पहचान मिलने लगती है। फिर बाकी चीजें अपने आप आपके करियर का हिस्सा बन जाती हैं। इसलिए पहला सपना भारत के लिए खेलना होना चाहिए, लेकिन इसके लिए आपको एक-एक कदम आगे बढ़ाना होगा।”

घरेलू क्रिकेट में भी सूर्या को झटका, रणजी टीम से हुए बाहर

सूर्यकुमार यादव को हाल ही में रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले चरण के लिए मुंबई की टीम में जगह नहीं मिली थी। हालांकि, सूर्या ने अपने को चयन के लिए उपलब्ध बताया था। उन्होंने सीधा तो कुछ नहीं कहा लेकिन इस पर भी अपनी निराशा के संकेत दिए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस पर उन्होंने कहा,”जब मैं 2010-11 में पहली बार ड्रेसिंग रूम में आया था, तब सचिन तेंदुलकर सर, अमोल मजूमदार और अजित आगरकर जैसे सीनियर खिलाड़ी टीम में थे। ऐसे कई खिलाड़ी थे, जिन्हें मैं अपना आदर्श मानता था। जब भी वे अभ्यास के लिए जाते, मैं उनके साथ काफी समय बिताता और उनसे बातचीत करता था।”

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आगे बताया,”सचिन सर ने तो मुंबई के ड्रेसिंग रूम में अपनी जगह भी मुझे दे दी थी। वह दाहिने कोने में बैठा करते थे और वहां गणेश जी की एक छोटी-सी मूर्ति भी रखी थी। वह मेरे लिए बेहद खास और यादगार पल था। सबसे अहम बात यह है कि अब हम इस पर चर्चा करते हैं कि एक टीम के रूप में साथ मिलकर कैसे आगे बढ़ सकते हैं। पिछले कुछ महीनों और वर्षों में जब भी मुझे मुंबई के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनने और युवा खिलाड़ियों के साथ समय बिताने का मौका मिला है, मैंने यही भावना देखी है। इस रणजी ट्रॉफी सत्र में मुझे खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन आगे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में निश्चित रूप से अच्छे दिन आने वाले हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here