IPL 2027 से पहले दो टीमों में बड़ा बदलाव, हार्दिक-अर्शदीप की होगी अदला-बदली

0

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2027 (आईपीएल 2027) के ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ी ट्रेड डील का ऐलान बुधवार (11 नवंबर) को किया गया। इस ट्रेड के तहत हार्दिक पंड्या 18 करोड़ रुपये की फीस पर पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं। इससे पहले मुंबई इंडियंस में उनकी फीस 16.5 करोड़ रुपये थी। वहीं, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 18 करोड़ रुपये की फीस पर मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं। इस बड़ी अदला-बदली से आईपीएल 2027 से पहले दोनों टीमों का समीकरण बदल गया है।

आईपीएल में पंजाब किंग्स हार्दिक पंड्या की तीसरी टीम होगी। उन्होंने 2015 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए आईपीएल में पदार्पण किया था। इसके बाद वह गुजरात टाइटंस से जुड़े और उनकी कप्तानी में टीम ने अपने पहले ही सीजन यानी 2022 में खिताब जीतकर इतिहास रचा। साल 2024 में हार्दिक की गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में वापसी हुई थी। अब आईपीएल 2027 से पहले हुई ट्रेड डील के तहत वह पंजाब किंग्स का हिस्सा बन गए हैं।

हार्दिक की अगुवाई में मुंबई इंडियंस को नहीं मिली खिताबी सफलता

हार्दिक पंड्या ने 2024, 2025 और 2026 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की। 2024 में टीम आखिरी पायदान पर रही। 2025 में वह प्लेऑफ में पहुंची, लेकिन 2026 में 9वें नंबर पर रही। कुल मिलाकर, 2024 से हार्दिक के कप्तान रहते हुए खेले गए 39 मैचों में मुंबई इंडियंस ने 15 जीते हैं और 24 हारे हैं।

पंजाब किंग्स के भरोसेमंद गेंदबाज अर्शदीप की मुंबई इंडियंस में एंट्री

अर्शदीप सिंह का आईपीएल में 2019 में डेब्यू हुआ था। वह तब से पंजाब किंग्स के ही हिस्सा थे। इस बीच अर्शदीप ने पंजाब किंग्स के लिए आठ सीजन में 96 मैच खेले। उनके नाम 111 विकेट दर्ज हैं। वह 19 साल के इतिहास में पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेदबाज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here