नई दिल्ली : भारत के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के स्क्वाड में लगातार बदलाव देखने को मिले हैं। चोट के कारण टीम को कई बार अपने खिलाड़ियों में फेरबदल करना पड़ा। अब आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए न्यूजीलैंड ने कुछ टेस्ट टीम में शामिल खिलाड़ियों को वनडे स्क्वाड से रिलीज किया है, जबकि चौथे एकदिवसीय मुकाबले से पहले कई नए खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है। इसी क्रम में तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल का नाम भी जुड़ गया है। उन्हें पहली बार न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम में चयनित किया गया है।
ब्रेट रैंडेल ने इसी साल 5 गेंद पर 5 विकेट लेने का कारनामा किया था। फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 254 साल के इतिहास में वह ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के प्लंकेट शील्ड मैच में सेंट्रल स्टैग्स की तरफ से नॉर्डर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ खेलते हुए इसी साल मार्च में पांच गेंद पर पांच विकेट झटके थे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वह ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी थे। वहीं पुरुष पेशेवर क्रिकेट में आयरलैंड के कर्टिस कैम्फर ने जुलाई 2025 में एक घरेलू टी20 मैच में यह कमाल किया था। महिला क्रिकेट में जिम्बाब्वे की ऑलराउंडर केलिस नधलोवु ने भी अंडर 19 टी20 मैच में 2024 में यह कमाल किया था।
न्यूजीलैंड के चौथे और पांचवें वनडे के स्क्वाड में शामिल ब्रेट रैंडेल को लंबे समय से इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार था। घरेलू क्रिकेट में करीब 145 मैच और न्यूजीलैंड ए के लिए भी खेलने के बाद अब 31 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल का अब नेशनल टीम में चयन हुआ। वह माउंट माउंगानुई में अपना डेब्यू भी कर सकते हैं। आखिरी दोनों मुकाबले यहीं खेले जाएंगे और रैंडेल दोनों मैचों के स्क्वाड का हिस्सा हैं।
कीवी टीम में फिन एलन की एंट्री, भारतीय गेंदबाजों के सामने होगी नई चुनौती
इतना ही नहीं टॉप ऑर्डर में फिन एलन की वनडे टीम में एंट्री हुई है। मौजूदा समय के सबसे खतरनाक ओपनिंग बल्लेबाजों में से एक फिन एलन ने टी20 सीरीज के कुछ मुकाबलों में बल्ले से धूम मचाई थी। पहले तीन वनडे मैचों के लिए उन्हें स्क्वाड में जगह नहीं मिली थी। अब अगर एलन और सीफर्ट की जोड़ी पारी की शुरुआत करती है, तो यह भारतीय गेंदबाजों के लिए माउंट माउंगानुई में कड़ा इम्तिहान होने वाला है। अब तक सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा है।
चौथे वनडे के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग।
पांचवें वनडे के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग, ब्लेयर टिकनर।


