नई दिल्ली : अंडर 19 एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय अंडर 19 टीम ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी साथ ही आर्यवीर सहवाग की अर्धशतकीय पारी और इशान सूद की शानदार गेंदबाजी के दम पर अफगानिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया और फाइनल में जगह बना ली। वहीं इस टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हरा दिया था और फाइनल में प्रवेश कर लिया था। अब इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान के साथ होगा।
इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था और फिर 50 ओवर में 8 विकेट पर 227 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 228 रन का टारगेट दिया। भारत ने दूसरी पारी में 36.5 ओवर में 2 विकेट पर 230 रन बनाकर मैच को जीत लिया। भारत से हारने के बाद अफगानिस्तान का सफर इस टूर्नामेंट में यहीं पर समाप्त हो गया।
आर्यवीर सहवाग और लक्ष्य रायचंदानी ने जड़े शानदार अर्धशतक
इस मैच में ओपनर आर्यवीर सहवाग ने फिर से टीम के लिए अहम पारी खेली और 57 गेंदों पर 4 छक्के और 4 चौकों की मदद से 51 रन की शानदार पारी खेली जबकि कप्तान लक्ष्य अपने शतक से 9 रन से चूक गए और उन्होंने 90 गेंदों पर एक छक्का और 13 चौकों की मदद से 93 रन की शानदार पारी खेली। आर्यवीर और लक्ष्य के बीच इस मैच में पहले विकेट के लिए 102 गेंदों पर 117 रन की साझेदारी हुई और दोनों ने टीम की जीत का आधार तैयार किया।
आर्यवीर और लक्ष्य के आउट होने के बाद वीके विनीत ने जिम्मेदारी संभाली और 62 गेंदों पर एक छक्का और 5 चौकों की मदद से नाबाद 57 रन की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिला दी तो वहीं यशवर्धन चौहान ने भी 14 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से नाबाद 16 रन की पारी खेली। यशवर्धन और विनीत के बीच तीसरे विकेट के लिए 30 गेंदों पर नाबाद 36 रन की साझेदारी हुई।
इशान सूद की घातक गेंदबाजी से अफगानिस्तान के बल्लेबाज हुए बेबस
भारत की तरफ से इशान सूद ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की और 9 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट झटके। आर्यन सवसनी ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की और उन्होंने 7 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट झटके। इसके अलावा काव्य पटेल, यशवर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। अफगानिस्तान की तरफ से पहली पारी में शाह फैसल रहीमी और सलारजई ने 51-51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।


