नई दिल्ली : ओमान में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में 14 नवंबर को भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। भारतीय टीम पिछले संस्करण के फाइनल में पाकिस्तान से मिली हार का बदला चुकाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। इस खिताबी मुकाबले में एक बार फिर सभी की नजरें टूर्नामेंट के स्टार बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग पर रहेंगी। भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी सेमीफाइनल में शानदार पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ से भी फाइनल में एक प्रभावशाली पारी की उम्मीद होगी।
पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले इस फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम शायद अपनी प्लेइंग 11 में कोई भी बदलाव नहीं करेगी। गेंदबाजी आक्रमण पूरी तरह सेट नजर आ रहा है। इशान सूद, काव्य पटेल, मनल चौहान, आर्यन सिवसानी से फाइनल में भी उम्मीदें होंगी। वहीं नंबर 4 के बल्लेबाज, गेंदबाज और उपकप्तान यशबर्धन चौहान का भी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अहम रोल होने वाला है। पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले ऑलराउंडर अर्जुन राजपूत से भी फाइनल में अच्छे खेल की उम्मीद होगी।
भारत को सिर्फ पाकिस्तान से मिली हार
भारतीय टीम ने मौजूदा टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज के तीन में से दो मैच जीते थे और फिर सेमीफाइनल में उसे जीत मिली। ग्रुप स्टेज के मैच में भारतीय अंडर 19 टीम को एकमात्र हार पाकिस्तान के खिलाफ झेलनी पड़ी थी। पाकिस्तानी टीम इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। तीनों ग्रुप मैच और फिर सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ 9 विकेट की जीत के साथ पाकिस्तान अंडर 19 ने फाइनल में जगह बनाई। भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 8 विकेट से जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट पक्का किया था।
फाइनल मुकाबले के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल, इशान सूद।
अंडर 19 एशिया कप 2026 के लिए भारत का पूरा स्क्वाड
लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल, इशान सूद, यशवीर गौड़, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल, शाविन विनोद।
अंडर 19 एशिया कप 2026 में अब तक भारत और पाकिस्तान के प्रदर्शन
| इंडिया अंडर 19 | पाकिस्तान अंडर 19 |
|---|---|
| नेपाल अंडर 19 को 10 विकेट से हराया | यूएई अंडर 19 को 9 विकेट से हराया |
| पाकिस्तान अंडर 19 से 3 विकेट से हारी | इंडिया अंडर 19 को 3 विकेट से हराया |
| यूएई अंडर 19 को 70 रन से हराया | नेपाल अंडर 19 को 101 रन से हराया |
| अफगानिस्तान अंडर 19 को 8 विकेट से हराया (सेमीफाइनल) | बांग्लादेश अंडर 19 को 9 विकेट से हराया (सेमीफाइनल) |
भारत के सामने दोहरी चुनौती, पाकिस्तान से बदला और 9वीं बार एशिया कप जीतने का लक्ष्य
भारत और पाकिस्तान के बीच चौथी बार अंडर 19 एशिया कप का फाइनल मैच खेला जाएगा। इससे पहले तीन फाइनल में एक-एक मैच दोनों टीमों ने जीते हैं जबकि एक बार दोनों टीम संयुक्त रूप से विजेता बनी थी। क्लिक करें


